बीआरसी बोचहां में बौद्धिक व कला प्रतियोगिता का आयोजन, मेडल और प्रशस्ति-पत्र पाकर खिले बच्चों के चेहरे

  • Post By Admin on Sep 29 2026
बीआरसी बोचहां में बौद्धिक व कला प्रतियोगिता का आयोजन, मेडल और प्रशस्ति-पत्र पाकर खिले बच्चों के चेहरे

मुजफ्फरपुर : प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) बोचहां के सभागार में मंगलवार को प्रखंड स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी प्रणव कुमार की अध्यक्षता में संपन्न इस कार्यक्रम का सफल मंच संचालन शशि सिद्धेश्वर कुमार उर्फ गुलाब यादव ने किया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के स्कूली बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता, अभिव्यक्ति क्षमता और उनकी सृजनात्मक सोच को एक मजबूत मंच प्रदान करना था। कार्यक्रम में प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच भाषण प्रतियोगिता में उच्च विद्यालय आथर की श्वेता कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि उच्च विद्यालय उनसर की वाणी ठाकुर दूसरे और उच्च विद्यालय सहिलारामपुर की संध्या कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में मध्य विद्यालय रतनपुरा उर्दू की छात्रा जैनव प्रवीण ने अपनी कला के दम पर पहला स्थान प्राप्त किया। मध्य विद्यालय रापे रूपे की प्रिया सुमन द्वितीय और मध्य विद्यालय आथर वंशमन उत्तरी के छात्र शिवम कुमार तृतीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिता के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए गठित निर्णायक मंडल में मनु कुमार पंकज, आयुषी निगम, अनामिका सिंह, रामदयाल कुमार, पिंकी कुमारी, कांती कुमारी, गीता कुमारी एवं शशि सिद्धेश्वर कुमार शामिल थे।

समारोह के समापन पर सभी विजेता प्रतिभागियों को मेडल और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अन्य सभी बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए उन्हें पेन और कॉपियां वितरित की गईं। उपस्थित पदाधिकारियों और शिक्षकों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी सह-शैक्षणिक गतिविधियां विद्यार्थियों के भीतर आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल को निखारने का काम करती हैं।

आयोजन को सफल बनाने में प्रखंड क्षेत्र के संकुल संचालकों, समन्वयकों और शिक्षकों ने अहम भूमिका निभाई। बीआरसी कर्मी अरविंद कुमार, प्रकाश कुमार, राजीव रंजन, अभिषेक कुमार और अखिलेश कुमार के सक्रिय सहयोग के साथ कार्यक्रम में मोहम्मद जाहिद हुसैन, पवन कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्राथमिक शिक्षक संघ बोचहां के अध्यक्ष सह जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के उप प्रधान सचिव शशि सिद्धेश्वर कुमार उर्फ गुलाब यादव ने सफल आयोजन के लिए सभी शिक्षकों व प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।