शिक्षा संवाद में प्रशांत किशोर ने भरी हुंकार, शिक्षक वेतनमान से रोजगार तक किए बड़े वादे

  • Post By Admin on Oct 04 2026
शिक्षा संवाद में प्रशांत किशोर ने भरी हुंकार, शिक्षक वेतनमान से रोजगार तक किए बड़े वादे

मुजफ्फरपुर:  जन सुराज के सूत्रधार और बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर ने मुजफ्फरपुर में आयोजित शिक्षा संवाद कार्यक्रम में शिक्षक और स्नातक मतदाताओं को संबोधित करते हुए कई बड़े दावे और वादे किए। माधोपुर स्थित शहीद प्रमोद बीएड कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में तिरहुत निर्वाचन क्षेत्र के शिक्षक प्रत्याशी श्याम नंदन यादव और स्नातक प्रत्याशी डॉ. विमोहन कुमार भी मौजूद रहे। प्रशांत किशोर ने दोनों प्रत्याशियों के समर्थन में लोगों से वोट की अपील की।

प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार के सभी वर्गों के शिक्षकों के लिए 7वें वेतनमान की व्यवस्था कराना जन सुराज की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बिहार में लंबे समय से शिक्षक अलग-अलग श्रेणियों में बंटे हुए हैं। इनमें वित्तरहित, नियोजित, विद्यालय शिक्षक और प्रधानाचार्य सहित विभिन्न वर्ग शामिल हैं। जन सुराज ने 2 अक्टूबर से सभी श्रेणियों के शिक्षकों को 7वां वेतनमान दिलाने की गारंटी दी है। उन्होंने दावा किया कि अगले लोकसभा चुनाव से पहले बिहार के शिक्षकों के लिए वेतनमान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। प्रशांत किशोर ने वित्तरहित शिक्षकों की दशकों पुरानी समस्या के समाधान और उनके समायोजन की बात भी कही। इसके साथ ही शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाए जाने को लेकर राज्य स्तर पर मानक तैयार करने की बात कही, ताकि जिला स्तर पर शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाने के नाम पर उनका कथित शोषण न हो।

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने डॉ. विमोहन कुमार की जीत की स्थिति में 10 हजार पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने का दावा किया। उन्होंने कहा कि बिहार के स्नातक मतदाता सबसे पढ़े-लिखे मतदाताओं में शामिल हैं और जन सुराज ने उनके लिए रोजगार से जुड़ा सीधा वादा किया है। प्रशांत किशोर ने कहा कि यदि डॉ. विमोहन कुमार जन सुराज के प्रत्याशी के रूप में जीतकर आते हैं तो निर्वाचन क्षेत्र के पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिलाने की जिम्मेदारी उनकी होगी। वहीं, श्याम नंदन यादव के जीतने पर शिक्षकों को 7वां वेतनमान दिलाने का दावा उन्होंने किया।

जेडीयू की ओर से उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज अभी सत्ता में नहीं है, फिर भी एक करोड़ बुजुर्गों की पेंशन 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कैसे की गई और स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड की सीमा को दोबारा 4 लाख रुपये कैसे किया गया। उन्होंने दावा किया कि जन सुराज की ओर से मुद्दे उठाए जाने के बाद सरकार पर दबाव बना है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य केवल विधायक बनना या सत्ता और विपक्ष का हिस्सा बनना नहीं, बल्कि बिहार की व्यवस्था में सुधार करना है। प्रशांत किशोर ने विभिन्न आपराधिक और सामाजिक घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जब कहीं अन्याय होता है तो लोग जन सुराज की ओर अपनी आवाज लेकर पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक ताकत से अधिक महत्वपूर्ण जनता की ताकत है। कार्यक्रम में इंद्रभूषण अशोक, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी श्याम नंदन यादव, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी डॉ. विमोहन कुमार, सुभाष कुशवाहा, राकेश पटेल, नवल किशोर राउत, रेनू पासवान, रंजना कुमारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।