एशियन गेम्स में भारत के 29 पदकों में रिलायंस फाउंडेशन से जुड़े खिलाड़ियों का योगदान, नीता अंबानी ने दी बधाई
- Post By Admin on Oct 04 2026
मुंबई : एशियन गेम्स 2026 में भारत के शानदार प्रदर्शन के बाद रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक और चेयरपर्सन नीता मुकेश अंबानी ने भारतीय दल को बधाई दी। एशियन गेम्स में भारत ने कुल 85 पदक हासिल किए, जिनमें 21 स्वर्ण, 27 रजत और 37 कांस्य पदक शामिल रहे। भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा।
रिलायंस फाउंडेशन के अनुसार, उसके कार्यक्रमों और साझेदारियों से जुड़े खिलाड़ियों ने भारत के 29 पदकों में योगदान दिया। फाउंडेशन से जुड़े कुल 48 खिलाड़ियों ने एशियन गेम्स में भारतीय दल का प्रतिनिधित्व किया। फाउंडेशन की ओर से खेल प्रतिभाओं को प्रशिक्षण और अन्य जरूरी सुविधाओं के माध्यम से सहयोग देने की बात कही गई है। नीता अंबानी ने भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए विशेष रूप से महिला खिलाड़ियों की सफलता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारतीय महिला खिलाड़ियों ने एशियन गेम्स में प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए देश का गौरव बढ़ाया और युवा लड़कियों के लिए प्रेरणा का काम किया। उन्होंने भारतीय दल के प्रदर्शन को देश के लिए गर्व और खुशी के कई अवसर देने वाला बताया।
एशियन गेम्स शुरू होने से पहले भी नीता अंबानी ने भारतीय दल के लिए संदेश जारी किया था। उस दौरान उन्होंने रिलायंस फाउंडेशन से जुड़े 48 खिलाड़ियों की वर्षों की मेहनत के साथ उनके परिवारों के योगदान और त्याग का भी उल्लेख किया था। अब प्रतियोगिता के समापन के बाद उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई और धन्यवाद दिया है।रिलायंस फाउंडेशन के मुताबिक, वह ओलंपिक में शामिल होने वाले 10 से अधिक खेलों में 200 से ज्यादा खिलाड़ियों को विभिन्न स्तरों पर सहयोग करता है। खिलाड़ियों के लिए छात्रवृत्ति के अलावा खेल विज्ञान, खेल चिकित्सा, प्रशिक्षण, तकनीक, उपकरण और अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभव जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी दावा किया गया है।
एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए कई खेलों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां सामने आईं। भारतीय खिलाड़ियों ने क्रिकेट, कबड्डी और हॉकी में स्वर्ण पदक जीते, जबकि कई खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। भारतीय दल के कुछ खिलाड़ियों ने लॉस एंजेलिस 2028 ओलंपिक के लिए कोटा भी हासिल किया। भारत का 85 पदकों का प्रदर्शन एशियन गेम्स में उसका दूसरा सबसे बेहतर प्रदर्शन रहा। इससे पहले 2023 के हांगझोउ एशियन गेम्स में भारत ने रिकॉर्ड 106 पदक जीते थे।