76वां वन महोत्सव और 13 अगस्त 1942 की स्मृति में प्रभात फेरी का आयोजन

  • Post By Admin on Aug 13 2025
76वां वन महोत्सव और 13 अगस्त 1942 की स्मृति में प्रभात फेरी का आयोजन

लखीसराय : स्वतंत्रता संग्राम की स्मृतियों और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को एक साथ समर्पित करते हुए बुधवार को लखीसराय में 76वां वन महोत्सव और 13 अगस्त 1942 की स्मृति में प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर हुई, जिसमें जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, वन प्रमंडल पदाधिकारी मुंगेर अम्बरीष कुमार मल्ल समेत कई जिला स्तरीय अधिकारी, स्कूली बच्चे और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

इस वर्ष वन महोत्सव का थीम "एक पेड़ माँ के नाम" रखा गया, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ मातृ सम्मान को भी बढ़ावा देना है। शहीद स्मारक से नया बाजार तक निकाली गई प्रभात फेरी में सैकड़ों स्कूली बच्चों और अधिकारियों ने स्वतंत्रता संग्राम एवं हरित अभियान से जुड़े नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया।

प्रभात फेरी के बाद जिला पदाधिकारी, वन प्रमंडल पदाधिकारी, सहायक वन संरक्षक सत्यम कुमार और अन्य पदाधिकारियों ने बच्चों के साथ मिलकर विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। डीएम ने अपने संबोधन में कहा कि वन महोत्सव सिर्फ पौधारोपण का आयोजन नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण का संकल्प है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक पेड़ लगाएं और उनकी देखभाल करें।

कार्यक्रम में नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी अमित कुमार, कला एवं संस्कृति पदाधिकारी प्राची कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम सहित बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों और अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।