नई दिल्ली: दिवाली के बाद दिल्ली में वायु प्रदूषण ने गंभीर रूप ले लिया है। इस बार दिवाली के दिन राजधानी की हवा की गुणवत्ता पिछले पांच वर्षों में सबसे खराब दर्ज की गई। कुछ निगरानी केंद्रों पर प्रदूषण का स्तर लगभग 5,000 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर तक पहुंच गया। हालात को देखते हुए दिल्ली सरकार ने प्रदूषण फैलाने वालों पर कार्रवाई तेज करने का फैसला किया है।
प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए राजधानी में 125 अतिरिक्त पेट्रोलिंग वाहन तैनात किए जा रहे हैं। इन वाहनों के जरिए सड़कों, निर्माण स्थलों और प्रदूषण प्रभावित इलाकों में औचक जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस बीच दिल्ली की हवा में मंगलवार को कुछ सुधार दर्ज किया गया और औसत AQI 299 तक पहुंचा, लेकिन एनसीआर के कई इलाकों में स्थिति अब भी बेहद खराब बनी हुई है। गाजियाबाद के लोनी में AQI 470 दर्ज किया गया।
दिल्ली में प्रदूषण का मुद्दा एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है। विशेषज्ञों के अनुसार पटाखों के धुएं के अलावा वाहनों का उत्सर्जन, निर्माण कार्यों की धूल और पराली का धुआं भी प्रदूषण बढ़ाने में भूमिका निभाते हैं।














