गणतंत्र दिवस पर हरियाली का संकल्प, पर्यावरण भारती ने किया पौधारोपण
- Post By Admin on Jan 26 2026
पटना : गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए पर्यावरण भारती द्वारा शाखा मैदान परिसर, राजेन्द्र नगर, पटना महानगर (दक्षिण बिहार) में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान आम के दो, बेल का एक तथा औषधीय पौधा तुलसी का एक पौधा लगाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी गोपाल कुमार ने किया।
इस अवसर पर पर्यावरण भारती के संस्थापक, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक एवं अखिल भारतीय पेड़ उपक्रम टोली सदस्य राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि पर्यावरण भारती वर्ष 2008 से निरंतर वृक्षारोपण अभियान चला रही है। संस्था का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि अब तक संगठन द्वारा 1,23,013 पौधे लगाए जा चुके हैं और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने अपील की कि हर व्यक्ति अपने घर के आसपास कम से कम दस पेड़ लगाए और उन्हें पांच वर्षों तक सुरक्षित रखे, तभी पर्यावरण संतुलन और प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा संभव है।
शाण्डिल्य ने गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए बताया कि 26 जनवरी 1950 को देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद ने भारत को पूर्ण गणतंत्र घोषित किया था। उन्होंने तिरंगे के रंगों और अशोक चक्र के प्रतीकात्मक अर्थ को भी विस्तार से समझाया।
राष्ट्र सेविका समिति की प्रांत कार्यवाहिका श्रीमती कमला सिंह ने कहा कि देश हमें सब कुछ देता है, इसलिए हमें भी देश और पर्यावरण के लिए समय देना चाहिए। उन्होंने जन्मदिन, पुण्यतिथि, वर्षगांठ और राष्ट्रीय पर्वों पर पौधारोपण को एक जन आंदोलन बनाने की अपील की। साथ ही सभी से संकल्प लेने का आह्वान किया कि पर्यावरण बचाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति एक पेड़ अवश्य लगाए।
कार्यक्रम में कल्याणी बर्णवाल, सुजाता कुमारी, सुरभि कुमारी, गोपाल कुमार, राम बिलास शाण्डिल्य, मयंक कुमार, केशव कुमार, देवराज सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। यह आयोजन गणतंत्र दिवस पर पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश बनकर उभरा।