मुजफ्फरपुर अस्पताल अग्निकांड : छह मरीजों की मौत के मामले में डॉक्टर समेत तीन गिरफ्तार
- Post By Admin on Jun 05 2026
मुजफ्फरपुर : जिले के ब्रह्मपुरा स्थित प्रसाद हॉस्पिटल के आईसीयू में हुई भीषण आग की घटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल के तीन जिम्मेदार कर्मियों को गिरफ्तार किया है। इस दर्दनाक हादसे में छह मरीजों की मौत हो चुकी है, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन की जांच तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आई लापरवाही के आधार पर अस्पताल के मेंटेनेंस हेड, एडमिन हेड और ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का आरोप है कि हादसे के समय ये जिम्मेदार कर्मी अपनी ड्यूटी पर मौजूद नहीं थे, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। अग्निकांड के बाद फायर ऑफिसर राम निवास पांडेय के बयान पर ब्रह्मपुरा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण तथ्य मिले, जिसके आधार पर अस्पताल प्रबंधन से जुड़े इन तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस अब अस्पताल संचालक समेत अन्य कर्मियों की भूमिका की भी गहन जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि अस्पताल में फायर सेफ्टी मानकों और अन्य सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं। अस्पताल के इमरजेंसी एग्जिट, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता तथा फायर एनओसी से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। इस घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं हादसे में जान गंवाने वाले मरीजों के परिजनों में भारी आक्रोश है। परिजन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
*खबर में दी गई तस्वीर सांकेतिक है*