विश्व पर्यावरण दिवस पर एलएनटी महाविद्यालय में हरित अभियान, छात्रों ने लिया संरक्षण का संकल्प

  • Post By Admin on Jun 05 2026
विश्व पर्यावरण दिवस पर एलएनटी महाविद्यालय में हरित अभियान, छात्रों ने लिया संरक्षण का संकल्प

मुजफ्फरपुर : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ललित नारायण तिरहुत महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में संगोष्ठी, वृक्षारोपण, पेंटिंग एवं भाषण प्रतियोगिता सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. संतोष कुमार के निर्देशन में किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. ममता रानी ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान करते हुए कहा कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और संवर्धन में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण से जहां हरित वातावरण का निर्माण होता है, वहीं युवा पीढ़ी पर्यावरण संरक्षण की मजबूत नींव रख सकती है।

मुख्य वक्ता एवं हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. चितरंजन कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल विचार-विमर्श का विषय नहीं, बल्कि इसे व्यवहार में उतारने की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने की अपील की। हिंदी विभाग की प्राध्यापिका डॉ. ज्योति ने भी पर्यावरण संरक्षण के व्यावहारिक पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. संतोष कुमार ने जल संरक्षण, ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया। प्राचार्या डॉ. ममता रानी के मार्गदर्शन में आम, लीची समेत विभिन्न फलदार पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने पौधों की देखभाल और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में सागर कुमार ने प्रथम, लिशा फलक ने द्वितीय तथा खुशी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में समीक्षा कुमारी प्रथम स्थान पर रहीं। मोहम्मद अमानुल्लाह एवं श्वेता कुमारी संयुक्त रूप से द्वितीय तथा रिफत परवीन, प्रकाश कुमार एवं कविता कुमारी संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। कार्यक्रम का संचालन समीक्षा कुमारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मोहम्मद अमानुल्लाह ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।