जिला स्कूल में सजा साहित्य और संस्कृति का मंच, प्रेमचंद जयंती समारोह में सम्मानित हुए 196 प्रतिभागी

  • Post By Admin on Sep 27 2026
जिला स्कूल में सजा साहित्य और संस्कृति का मंच, प्रेमचंद जयंती समारोह में सम्मानित हुए 196 प्रतिभागी

मुजफ्फरपुर : प्रेमचंद जयंती समारोह समिति की ओर से तीन चरणों में आयोजित प्रेमचंद जयंती समारोह 2026 का रविवार को जिला स्कूल परिसर में समापन हुआ। समापन समारोह के दौरान गत 30 अगस्त को विभिन्न विधाओं में आयोजित प्रतियोगिताओं के सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। जिले के अलग-अलग विद्यालयों से चयनित कुल 196 छात्र-छात्राओं को उनके प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रसिद्ध कवि दुष्यंत कुमार की गजल की प्रस्तुति से हुई। डॉ. आरती कुमारी ने गजल प्रस्तुत कर समारोह का आगाज किया। इसके बाद डॉ. पंकज कर्ण ने दुष्यंत कुमार की ही रचना प्रस्तुत करते हुए वर्तमान सामाजिक और व्यवस्था संबंधी परिस्थितियों पर अपनी प्रस्तुति के माध्यम से लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. नंद किशोर नंदन ने कहा कि प्रेमचंद के साहित्य में मानवीय संवेदनाओं के साथ श्रम की महत्ता को भी प्रमुख स्थान मिला है। उनकी लेखनी समाज में मौजूद विभिन्न प्रकार के अन्याय के खिलाफ आवाज उठाती रही। उन्होंने कहा कि प्रेमचंद उन प्रमुख साहित्यकारों में रहे जिन्होंने साहित्य को केवल कल्पना और तिलिस्मी दुनिया तक सीमित रखने के बजाय आम लोगों के जीवन, उनकी समस्याओं और उनके दुख-दर्द से जोड़ा।

समारोह की अध्यक्षता प्रेमचंद जयंती समारोह समिति के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार ने की, जबकि संचालन समिति के सचिव अमन कुमार झा ने किया। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ कवि महफूज अहमद आरिफ ने प्रेमचंद पर आधारित अपने शेर प्रस्तुत किए। डॉ. कुमार विरल ने गीतों की प्रस्तुति दी। वहीं किलकारी के छात्र-छात्राओं ने बी. प्रशांत के गीत ‘लंबी करो कतार साथी, लंबी करो कतार’ को समूह गान के रूप में प्रस्तुत कर समारोह में सांस्कृतिक रंग भर दिया।

समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफल रहे मुजफ्फरपुर जिले के 196 प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अलावा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रभात तारा बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को शील्ड देकर सम्मानित किया गया। वहीं प्रतियोगिताओं में सर्वाधिक प्रतिभागिता के लिए नॉर्थ प्वाइंट चिल्ड्रेन्स स्कूल को भी शील्ड प्रदान की गई।

छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित करने वालों में समिति के मुख्य संरक्षक डॉ. विजय कुमार जायसवाल, प्रोफेसर अरुण कुमार सिंह, वीरेन नंदा, रविंद्र कुमार सिंह, उदय नारायण सिंह, विजय शंकर शाही, डॉ. श्यामल श्रीवास्तव, डॉ. रचना मिश्रा, डॉ. सिंधुबाला, रामप्रीत राय, डॉ. मनोज कुमार, अर्जुन कुमार, डॉ. सुमन कुमार मिश्रा, शिक्षा सिंह, रानी कुमारी, सविता राज, वीरेंद्र कुमार, अनिल कुमार अनल, श्रवण कुमार, चंदन कुमार, सुमित्रा कुमारी, डॉ. ज्ञान गौरव, निर्मल कुमार, शिवा चौधरी, डॉ. दीपमाला और कुंदन कुमार सहित अन्य लोग प्रमुख रूप से शामिल रहे।

समारोह को सफल बनाने में आशुतोष कुमार, अरविंद कुमार, शिव कुमार, अभिषेक कुमार, अली अख्तर, कंचन कुमारी, रूपा कुमारी, शिवचंद्र पासवान, कुमोद राम और नरेश राम सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागियों, विद्यालयों, शिक्षकों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया।