पटना : सावन माह के पावन अवसर पर मंगलवार को पटना महानगर के राजेन्द्र नगर स्थित शाखा मैदान परिसर में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से भगवान भोलेनाथ के नाम पर फलदार आम के पौधे का रोपण किया गया। इस अभियान का नेतृत्व पर्यावरण नारी शक्ति की प्रांत प्रमुख और प्रसिद्ध पर्यावरणविद् डॉ. सरिता शंकर ने किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. सरिता शंकर ने कहा, “हिंदी पंचांग के जिन महीनों के अंत में 'न' अक्षर आता है — जैसे सावन, अगहन, फाल्गुन उनमें वृक्षारोपण करना अत्यंत शुभ और वैज्ञानिक दृष्टि से लाभकारी माना गया है। इन महीनों में पौधे जल्दी वृक्ष का रूप लेते हैं।”

उन्होंने कहा कि "प्राकृतिक ऑक्सीजन की आपूर्ति और पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर के आस-पास कम-से-कम 10 पेड़ लगाने चाहिए और कम-से-कम 5 वर्षों तक उन्हें संरक्षित करने की जिम्मेदारी लेनी चाहिए।" उन्होंने यह भी जोड़ा कि फलदार वृक्ष न केवल छाया और ऑक्सीजन देते हैं, बल्कि भविष्य में पोषण का स्रोत भी बनते हैं।

वृक्षारोपण कार्यक्रम में डॉ. प्रियदर्शी, डॉ. संजय, शशि भूषण और रजत सहित कई पर्यावरण प्रेमियों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने एकमत से वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाने और इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।

यह आयोजन सावन की भक्ति भावना और पर्यावरणीय चेतना का संगम रहा, जो भविष्य में हरित भारत की दिशा में एक प्रेरक पहल सिद्ध हो सकता है।