श्रीराम जन्मभूमि भूमि पूजन की 5वीं वर्षगांठ पर पर्यावरण भारती ने लगाया पीपल का पौधा

  • Post By Admin on Aug 05 2025
श्रीराम जन्मभूमि भूमि पूजन की 5वीं वर्षगांठ पर पर्यावरण भारती ने लगाया पीपल का पौधा

मुंगेर : श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, अयोध्या के भूमि पूजन की पांचवीं वर्षगांठ के अवसर पर मंगलवार को मुंगेर जिला के धरहरा प्रखंड अंतर्गत बसौनी शिव मंदिर परिसर में पर्यावरण भारती की ओर से देववृक्ष पीपल का पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम का नेतृत्व शुभम कुमार ने किया।

कार्यक्रम में पर्यावरण भारती के संस्थापक और पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक श्री राम बिलास शाण्डिल्य ने पौधारोपण के सांस्कृतिक और वैज्ञानिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, “जिन हिंदी मासों के अंत में 'न' हो, जैसे सावन, अगहन और फाल्गुन, उनमें पौधारोपण करने से पौधे शीघ्र वृद्धि करते हैं। अतः ऐसे माह में पौधारोपण विशेष रूप से शुभ और फलदायक माना गया है।”

उन्होंने बताया कि 5 अगस्त 2020 को अयोध्या में भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का भूमि पूजन सम्पन्न हुआ था, जो भारतीय संस्कृति और श्रद्धा का ऐतिहासिक क्षण था। उसकी स्मृति में देववृक्ष पीपल का रोपण न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक कदम भी है।

पौधारोपण कार्यक्रम में शिक्षक रणजीत प्रसाद, संजय कुमार आर्य, सत्यम कुमार, घनश्याम यादव, दिलखुश यादव, संतोष यादव, गौतम यादव, रवि राज सहित अनेक पर्यावरण प्रेमी शामिल हुए। सभी ने एकमत से पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

पर्यावरण भारती ने इस अवसर पर संकल्प लिया कि आने वाले समय में अधिकाधिक देववृक्षों के रोपण के माध्यम से जनमानस को प्रकृति के संरक्षण से जोड़ा जाएगा।

यह आयोजन श्रद्धा और संवेदना के साथ-साथ प्रकृति के प्रति कर्तव्य बोध को भी रेखांकित करता है, जो वर्तमान समय में अत्यंत आवश्यक है।