लखनऊ अग्निकांड में बड़ा एक्शन : इमारत मालिक समेत 4 गिरफ्तार, 4 अधिकारी सस्पेंड

  • Post By Admin on Jun 23 2026
लखनऊ अग्निकांड में बड़ा एक्शन : इमारत मालिक समेत 4 गिरफ्तार, 4 अधिकारी सस्पेंड

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज स्थित व्यावसायिक इमारत में हुए भीषण अग्निकांड के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इमारत के मालिक और एनिमेशन सेंटर संचालक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रथम दृष्टया लापरवाही के दोषी पाए गए चार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है, जिसे सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।

पुलिस के अनुसार अलीगंज थाने में छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मदेयगंज निवासी इमारत मालिक वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला, अलीगंज निवासी पेट शॉप संचालक रामकृष्ण उपाध्याय, बालागंज निवासी एनिमेशन सेंटर संचालक तूशॉक कृष्णा जायसवाल तथा केशवनगर निवासी किरायेदार सुरेश कुमार साहू शामिल हैं। वहीं नामजद आरोपी धीरेंद्र शुक्ला और सुरेंद्र शुक्ला की तलाश जारी है। पुलिस ने अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और अग्निशमन संबंधी प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देर रात उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर पूरे मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित करने का निर्देश दिया। साथ ही बिजली विभाग के गौरव कुमार, दमकल विभाग के कमलेंद्र कुमार सिंह तथा लखनऊ विकास प्राधिकरण के अनिल कुमार और प्रमोद पांडे को तत्काल निलंबित कर दिया गया। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मामले में 15 अन्य इंजीनियरों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनके खिलाफ भी कार्रवाई संभव है।

गौरतलब है कि सोमवार दोपहर करीब दो बजे अलीगंज के उषा मेहता रोड स्थित तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत में आग लग गई थी। इमारत के भूतल पर पेट शॉप जबकि दूसरी और तीसरी मंजिल पर एनिमेशन सेंटर संचालित था। आग एनिमेशन सेंटर से शुरू होकर तेजी से पूरी इमारत में फैल गई। हादसे के समय सेंटर में करीब 30 छात्र मौजूद थे, जिनमें से 10 ने बिजली के तारों के सहारे नीचे उतरकर अपनी जान बचाई, जबकि 15 लोगों की दम घुटने से मौत हो गई।

मृतकों की पहचान सागर, नीलेश, अनामिका, संयम, अनुक्षा, सुखमनी, आदित्य श्रीवास्तव, ज्योति, भविष्य, अब्दुल रहमान, सूरज शाह, शाहजान, जयनिल चक्रवर्ती, मोहम्मद अम्मार और सुमल्या के रूप में हुई है। सभी की आयु 18 से 24 वर्ष के बीच बताई गई है। हादसे में करीब नौ लोग घायल हुए हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है। प्रशासन का कहना है कि एसआईटी की रिपोर्ट के आधार पर अग्निकांड के लिए जिम्मेदार सभी व्यक्तियों और अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।