जगतवीर राय हत्याकांड पर महाधरना में गरजे पप्पू यादव, युवा नेता प्रभात किरण ने भी उठाई बुलंद आवाज
- Post By Admin on Jun 22 2026
मुजफ्फरपुर: जगतवीर राय हत्याकांड में पुलिस प्रशासन पर मामले को दबाने के आरोपों तथा जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के विरोध में आयोजित एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन सह 'हल्ला बोल' कार्यक्रम में पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने अपराध और अन्याय के खिलाफ लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।
धरना को संबोधित करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि मुजफ्फरपुर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं आम लोगों की चिंता का विषय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराध और भय का माहौल बना हुआ है तथा जनता स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि कानून का राज स्थापित करना और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बिहार की जनता को भय नहीं, बल्कि सुरक्षा और न्याय चाहिए।
कार्यक्रम में विशेष रूप से गायघाट के युवा क्रांतिकारी नेता प्रभात किरण ने भी अपनी मुखर उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने जगतवीर राय हत्याकांड की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। प्रभात किरण ने आरोप लगाया कि मामले में पुलिस की भूमिका संदिग्ध प्रतीत होती है और यदि समय रहते निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो जनता का कानून व्यवस्था से विश्वास कमजोर होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी हत्या के मामले में निष्पक्ष और पारदर्शी जांच आवश्यक है तथा दोषियों को हर हाल में कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए। प्रभात किरण ने यह भी कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को अन्याय और अपराध के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठानी होगी, तभी पीड़ितों को न्याय मिल सकेगा।
धरना में वक्ताओं ने जगतवीर राय हत्याकांड की निष्पक्ष जांच, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा जिले में लंबित आपराधिक मामलों के त्वरित निष्पादन की मांग की। साथ ही पुलिस प्रशासन की कथित असंवेदनशीलता और पूर्व की घटनाओं में कार्रवाई की धीमी गति पर भी नाराजगी जताई गई। धरना कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। हालांकि, कार्यक्रम में लगाए गए आरोपों पर पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।