भारत को पाकिस्तान की खुली चेतावनी, सिंधु जल सुरक्षा पर खतरा हुआ तो छेड़ेंगे युद्ध
- Post By Admin on Jun 23 2026
इस्लामाबाद : सिंधु जल संधि को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के बीच पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि पाकिस्तान को यह महसूस होता है कि सिंधु नदी प्रणाली से उसकी जल सुरक्षा खतरे में पड़ रही है, तो देश भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने से भी पीछे नहीं हटेगा।
एक बयान में ख्वाजा आसिफ ने कहा कि पानी पाकिस्तान की राष्ट्रीय सुरक्षा का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा, "जिस क्षण हमें लगेगा कि हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा और जल संसाधन खतरे में हैं, हम भारत के खिलाफ युद्ध शुरू करेंगे।" उन्होंने यह भी कहा कि यदि इस बात के ठोस प्रमाण मिलते हैं कि भारत पाकिस्तान की जल आपूर्ति बाधित करने की दिशा में कदम उठा रहा है, तो सैन्य विकल्प पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। पाकिस्तानी रक्षा मंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब हाल ही में भारत के केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें दावा किया गया था कि जून 2028 तक पाकिस्तान को सिंधु नदी का पानी पूरी तरह रोका जा सकता है। इसके बाद पाकिस्तान की ओर से यह तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। इससे पहले पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री इशाक डार भी संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से सिंधु जल संधि के मुद्दे पर हस्तक्षेप की मांग कर चुके हैं। पाकिस्तान लगातार इस संधि को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समर्थन जुटाने की कोशिश कर रहा है।
गौरतलब है कि अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले में 26 पर्यटकों की हत्या के बाद भारत सरकार ने 1960 की सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया था। भारत ने स्पष्ट किया है कि पाकिस्तान की ओर से सीमा पार आतंकवाद पूरी तरह समाप्त होने तक संधि को बहाल नहीं किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि सिंधु जल संधि के तहत सिंधु नदी बेसिन के लगभग 80 प्रतिशत जल का उपयोग पाकिस्तान को आवंटित है, जिसका उपयोग वहां मुख्य रूप से कृषि सिंचाई और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए किया जाता है। रक्षा मंत्री के ताजा बयान से दोनों देशों के बीच जल विवाद और कूटनीतिक तनाव के और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।