पति को रास्ते से हटाने की योजना नाकाम, पुलिस के हत्थे चढ़े प्रेमी-प्रेमिका

  • Post By Admin on Apr 11 2026
पति को रास्ते से हटाने की योजना नाकाम, पुलिस के हत्थे चढ़े प्रेमी-प्रेमिका

अलवर : राजस्थान के अलवर जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही बैंक अधिकारी पति की हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी अर्चना अरोड़ा और उसके प्रेमी ऋषभ शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 32 वर्षीय कर्णव खत्री जयपुर स्थित एक निजी बैंक में अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उनकी शादी वर्ष 2018 में गोविंदगढ़ निवासी 30 वर्षीय अर्चना के साथ हुई थी और दंपति के दो बच्चे भी हैं। जांच में सामने आया है कि अर्चना अक्सर जयपुर जाने के लिए ऋषभ शर्मा की टैक्सी से यात्रा करती थी। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में उनके बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया।

शिकायत के अनुसार 7 सितंबर 2025 को अर्चना अपने प्रेमी ऋषभ के साथ घर से चली गई थी। वह अपने साथ छोटे बेटे के अलावा लगभग 5 लाख रुपए नकद और लाखों रुपए के गहने भी ले गई थी। बाद में 22 दिसंबर 2025 को अर्चना वापस लौटी और अपने प्रेमी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया, लेकिन कुछ समय बाद वह अपने बयान से मुकर गई और फिर से ऋषभ के साथ रहने लगी।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि 8 फरवरी 2026 को ऋषभ ने कथित रूप से कर्णव को दूरभाष के माध्यम से धमकी दी। इसके बाद मार्च 2026 में उसने कर्णव को अपनी टैक्सी में बैठाकर जयपुर ले जाने के बहाने रास्ते में उसकी हत्या करने का प्रयास किया।

मामले में एक और चौंकाने वाला पहलू तब सामने आया जब अर्चना ने अपने पति को एक पत्र भेजकर 50 लाख रुपए की मांग की। पत्र में कथित तौर पर धमकी दी गई कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो पति और उसकी मां को नुकसान पहुंचाया जाएगा। साथ ही अदालत में पेशी के दौरान भी गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।

अपनी जान को खतरा देखते हुए कर्णव ने 7 मार्च को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और धमकी से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी। इसके बाद पुलिस ने जांच कर जाल बिछाया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

एनईबी थाना पुलिस के अनुसार आरोपी अर्चना अरोड़ा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि ऋषभ शर्मा को पूछताछ के लिए एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।