चलती स्कूल बस में अचानक उठीं आग की लपटें, बाल-बाल बचे 15 बच्चे

  • Post By Admin on Aug 11 2026
चलती स्कूल बस में अचानक उठीं आग की लपटें, बाल-बाल बचे 15 बच्चे

जैसलमेर : राजस्थान के जैसलमेर जिले में मंगलवार सुबह बच्चों को लेने जा रही एक स्कूल बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी बच्चों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और हादसे में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।

पुलिस के अनुसार, बस जैसलमेर शहर से ग्रामीण क्षेत्रों की ओर जा रही थी। उस समय उसमें करीब 15 बच्चे सवार थे। रास्ते में अचानक बस में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही चालक और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों को तुरंत बस से बाहर निकाला। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और दमकल विभाग को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही नगर परिषद की दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक बस का बड़ा हिस्सा जल चुका था। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ बस में आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट, इंजन की खराबी या किसी अन्य कारण से लगी। स्थानीय प्रशासन ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा सकेगी। फिलहाल सभी बच्चे सुरक्षित हैं और उनके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।

*सांकेतिक तस्वीर*