टी20 विश्व कप में भारत की ऐतिहासिक जीत, देशभर से बधाइयों की बौछार
- Post By Admin on Mar 09 2026
नई दिल्ली/अहमदाबाद : आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से करारी शिकस्त देकर तीसरी बार चैंपियन बनने वाली भारतीय टीम पर देशभर से बधाइयों की बारिश हो रही है। खेल जगत से लेकर राजनीतिक गलियारों तक हर ओर टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक उपलब्धि और लगातार दूसरी बार खिताब जीतने की उपलब्धि की सराहना की जा रही है।
क्रिकेट जगत के दिग्गजों ने टीम इंडिया के प्रदर्शन को ऐतिहासिक करार देते हुए खिलाड़ियों की जमकर प्रशंसा की है। ‘क्रिकेट के भगवान’ सचिन तेंदुलकर ने कहा कि लगातार दो बार विश्व कप जीतना असाधारण उपलब्धि है और भारतीय टीम इस ट्रॉफी की वास्तविक हकदार है। वहीं स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने इस जीत को अभूतपूर्व बताते हुए खिलाड़ियों के जुझारू जज्बे की सराहना की।
पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह ने कप्तान सूर्यकुमार यादव की नेतृत्व क्षमता और संजू सैमसन, ईशान किशन तथा अभिषेक शर्मा के शानदार प्रदर्शन को जीत की बुनियाद बताया। वहीं वीरेंद्र सहवाग ने अपने खास अंदाज में कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने फाइनल का दबाव महसूस ही नहीं किया और मुकाबले को गली क्रिकेट की तरह खेलते हुए शानदार जीत दर्ज की।
टीम इंडिया की जीत पर राजनीतिक जगत में भी उत्साह का माहौल देखा गया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इसे देश के लिए गर्व का क्षण बताते हुए टीम के अनुशासन और सामूहिक प्रदर्शन की सराहना की।
दक्षिण भारत के राज्यों में भी इस जीत को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने कहा कि यह जीत युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि भारत का तीसरी बार टी20 विश्व कप जीतना विश्व क्रिकेट में उसकी मजबूत पकड़ को दर्शाता है। उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने संजू सैमसन की शानदार बल्लेबाजी और जसप्रीत बुमराह तथा वरुण चक्रवर्ती की घातक गेंदबाजी की विशेष प्रशंसा की।
इस जीत के साथ कई नए रिकॉर्ड भी बने। अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में संजू सैमसन की 89 रनों की तूफानी पारी और भारत के 255 रनों के विशाल स्कोर ने टी20 विश्व कप इतिहास में नया कीर्तिमान स्थापित किया। कोच गौतम गंभीर के मार्गदर्शन में भारतीय टीम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह विश्व क्रिकेट में शीर्ष स्थान पर कायम है।