अंतिम सोमवारी पर सिंहेश्वरनाथ मंदिर में भीड़ बेकाबू, भगदड़ के बाद मची अफरा-तफरी

  • Post By Admin on Aug 24 2026
अंतिम सोमवारी पर सिंहेश्वरनाथ मंदिर में भीड़ बेकाबू, भगदड़ के बाद मची अफरा-तफरी

मधेपुरा : सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर सुप्रसिद्ध बाबा सिंहेश्वरनाथ मंदिर में उमड़ी भारी भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मचने से अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई। जलाभिषेक के लिए कतार में खड़े श्रद्धालुओं के बीच धक्का-मुक्की शुरू होने के बाद कई लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों और दंडाधिकारियों ने मोर्चा संभालते हुए स्थिति को नियंत्रित किया।

सावन की अंतिम सोमवारी होने के कारण सोमवार की अहले सुबह से ही बाबा सिंहेश्वरनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे थे। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की कतार लगातार लंबी होती गई और भीड़ का दबाव बढ़ता गया। इसी दौरान अचानक धक्का-मुक्की शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ने पर श्रद्धालुओं में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई और लोग खुद को सुरक्षित करने के लिए इधर-उधर जाने लगे।

भगदड़ की सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों ने बैरिकेडिंग के पास मोर्चा संभालकर भीड़ को नियंत्रित किया। श्रद्धालुओं को कतार में व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ने और एक-दूसरे से उचित दूरी बनाए रखने का निर्देश दिया गया। धक्का-मुक्की में घायल हुए श्रद्धालुओं को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।घटना के बाद जिला प्रशासन ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है। अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ श्रद्धालुओं की आवाजाही पर सीसीटीवी और ड्रोन के जरिए निगरानी बढ़ाई गई है।

घटना ने सावन की अंतिम सोमवारी पर मंदिर में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी खड़े किए हैं। हालांकि प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और मंदिर में पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक का सिलसिला सुचारू रूप से जारी है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे जल्दबाजी या धक्का-मुक्की से बचें, कतार में रहकर जलाभिषेक करें और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।