नोएडा में लोकसभा सचिवालय के निदेशक ने की आत्महत्या, पुलिस को मिला 10 पन्नों का नोट
- Post By Admin on Aug 05 2026
नोएडा: दिल्ली-एनसीआर के नोएडा के सेक्टर-82 स्थित केंद्रीय विहार सेकेंड में लोकसभा सचिवालय में निदेशक पद पर कार्यरत 40 वर्षीय अधिकारी अपने आवास पर मृत पाए गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से 10 पन्नों का एक कथित सुसाइड नोट बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में नोट में आर्थिक परेशानियों और कर्ज के दबाव का उल्लेख होने की बात सामने आई है। साथ ही इसमें किसी भी व्यक्ति को मौत के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराए जाने का भी जिक्र बताया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नोट की सत्यता और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय अधिकारी घर में अकेले थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे। उनके वापस लौटने पर घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। सुसाइड नोट, घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर आधिकारिक रूप से कुछ कहा जा सकेगा।