लखीसराय में प्रथम जिला गतका चयन ट्रायल संपन्न, 200 खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा

  • Post By Admin on Aug 05 2026
लखीसराय में प्रथम जिला गतका चयन ट्रायल संपन्न, 200 खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा

लखीसराय: जिले के सूर्यगढ़ा स्थित न्यू डीपीएस स्कूल परिसर में बुधवार को प्रथम जिला गतका चयन ट्रायल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। एक दिवसीय इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 200 बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य राज्य स्तरीय गतका प्रतियोगिता के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन करना था। कार्यक्रम का उद्घाटन न्यू डीपीएस स्कूल के प्रधानाध्यापक लाला चंदू महंती, बम-बम कुमार सिंह एवं दिया शंकर मिश्रा ने नारियल फोड़कर किया। प्रतियोगिता का आयोजन जिला गतका संघ के अध्यक्ष अभिषेक आनंद एवं जिला सचिव अमित सिंह राजपूत की देखरेख में संपन्न हुआ।

प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने अपने कौशल और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजकों ने बताया कि चयन ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन 9 अगस्त को पटना के खेल भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गतका प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। खिलाड़ियों का चयन रेफरी एवं निर्णायकों के मूल्यांकन के आधार पर होगा। प्रतियोगिता के दौरान धीरज कुमार, गुंजन कुमार, गुरिया कुमारी एवं तनु कुमारी ने रेफरी एवं निर्णायक की भूमिका निभाई। जिला गतका संघ के अध्यक्ष अभिषेक आनंद ने विश्वास जताया कि इस वर्ष लखीसराय के खिलाड़ी राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए जिले के लिए अधिक से अधिक स्वर्ण पदक जीतेंगे।

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मंजुल मनोहर मधुप, शिक्षक सुशील कुमार, जिला फुटबॉल कोच नीरज सिंह क्षत्रिय, जिला वुशु सचिव धीरज कुमार, जिला कराटे सचिव गुंजन कुमार, जिला खो-खो संघ की गुरिया कुमारी एवं अन्य खेल पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।