बाल विवाह रोकने का दिलाया संकल्प, लखीसराय के विद्यालय में बेटियों को किया गया जागरूक
- Post By Admin on Aug 05 2026
लखीसराय: महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय के तत्वावधान में बुधवार को उत्क्रमित उच्च माध्यमिक सह राजकीय बुनियादी विद्यालय, किरणपुर में 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' योजना के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, सरकारी योजनाओं तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महिला एवं बाल विकास निगम के जिला परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार सिन्हा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के तहत बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए 50 हजार रुपये तथा संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने छात्राओं से मोबाइल फोन का उपयोग केवल पढ़ाई और सकारात्मक कार्यों के लिए करने की अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव से बचकर शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर और सशक्त बनना चाहिए। महिला सशक्तिकरण केंद्र (डीएचईडब्ल्यू) के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह योजना बेटियों के अस्तित्व, स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए संचालित की जा रही है। उन्होंने महिला हेल्पलाइन नंबर 181 की जानकारी देते हुए कहा कि घरेलू हिंसा या किसी भी प्रकार की सहायता के लिए महिलाएं इस हेल्पलाइन का उपयोग कर सकती हैं। साथ ही मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना की भी विस्तार से जानकारी दी।
लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाल विवाह केवल सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि कानूनन अपराध भी है। उन्होंने बताया कि कम उम्र में विवाह होने से बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण पर गंभीर एवं दीर्घकालिक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने छात्राओं से बाल विवाह का विरोध करने और समाज को इस कुप्रथा से मुक्त बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं को बाल विवाह रोकथाम की सामूहिक शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार सिन्हा, जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, स्काउट प्रशिक्षक अनुराग आनंद, लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी, एमटीएस नवींद्र दास सहित विद्यालय की दर्जनों छात्राएं उपस्थित रहीं।