शहीद भगत सिंह जयंती पर रक्तवीरों का सम्मान: लखीसराय की संस्था 'माँ बाला त्रिपुर सुन्दरी समूह' हुई पुरस्कृत
- Post By Admin on Sep 29 2026
लखीसराय : राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की पावन जन्मस्थली बेगूसराय में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में लखीसराय जिले का गौरव बढ़ा है। शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह की जयंती के उपलक्ष्य में दिनकर सेवा दल की ओर से 28 सितंबर को एक भव्य रक्तदान शिविर एवं 'राष्ट्रपुत्र वीर भगत सिंह सम्मान समारोह-2026' का आयोजन किया गया था। इस गरिमामय मंच पर मानवता की सेवा और रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश में जीवन रक्षा के लिए निरंतर सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ताओं और संस्थाओं की हौसलाअफजाई की गई। इसी कड़ी में लखीसराय जिले के बड़हिया में सक्रिय 'माँ बाला त्रिपुर सुन्दरी रक्तदान समूह' को उनके निरंतर सेवा कार्यों और जरूरतमंद मरीजों तक समय पर रक्त पहुंचाने के प्रयासों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
संस्था के प्रतिनिधियों ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल किसी एक समूह का नहीं, बल्कि लखीसराय के उन तमाम समर्पित रक्तवीरों, समाजसेवियों और सहयोगियों की सामूहिक निष्ठा का परिणाम है जो विपरीत परिस्थितियों में भी जीवन बचाने के लिए आगे आते हैं। संस्था ने जिले के युवाओं से बढ़-चढ़कर रक्तदान करने का आह्वान करते हुए संदेश दिया कि रक्तदान को हर नागरिक अपनी सामाजिक जिम्मेदारी बनाए, क्योंकि किसी का एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवन की अंतिम उम्मीद साबित हो सकता है।