आरडीएस कॉलेज में हरियाली की पहल, छात्रों और सीआरपीएफ जवानों ने लगाए दर्जनों पौधे
- Post By Admin on Aug 08 2026
मुजफ्फरपुर : रामदयालु सिंह महाविद्यालय और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) मुजफ्फरपुर ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को महाविद्यालय परिसर में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता का संदेश देते हुए बड़ी संख्या में पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में ‘पेड़ लगाओ, देश बचाओ’, ‘पर्यावरण की रक्षा, मानवता की सुरक्षा’ और ‘सांसे हो रही हैं कम, आओ पेड़ लगाएं हम’ जैसे नारों के साथ लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया गया।
मुख्य अतिथि सीआरपीएफ कमांडेंट अजय कुमार रजनीकर ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आरडीएस कॉलेज परिसर में दर्जनों पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके बड़े होने तक नियमित देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शशि भूषण कुमार ने कहा कि किसी शैक्षणिक संस्थान में वृक्षारोपण का विशेष महत्व होता है। इससे परिसर का वातावरण स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनता है तथा छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को प्रकृति के करीब आने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि हरियाली न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में मदद करती है, बल्कि मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव डालती है।
वृक्षारोपण अभियान में सीआरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट मनोरंजन, विकास कुमार और अभय कुमार सहित महाविद्यालय के बर्सर डॉ. राजीव कुमार, डॉ. सौरभ राज, डॉ. आलोक त्रिपाठी, डॉ. जयदीप घोष, डॉ. ललित किशोर, डॉ. रवि शंकर कुमार, दिगंबर कुमार, मनीष कुमार, रौशन कुमार, अमलेंदु कुमार और चंदन कुमार उपस्थित रहे।अभियान में छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और पौधों की देखभाल का संकल्प लिया। आयोजकों ने इसे परिसर को हरित और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।