नौकरी नहीं मिलने पर सचिवालय के बाहर घास खाने लगे जेन G

  • Post By Admin on Aug 08 2026
नौकरी नहीं मिलने पर सचिवालय के बाहर घास खाने लगे जेन G

तिरुवनंतपुरम: केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में लोअर प्राइमरी स्कूल शिक्षक (एलपीएसटी) रैंक लिस्ट में शामिल अभ्यर्थियों ने अपनी नियुक्ति की मांग को लेकर सचिवालय के बाहर अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रतीकात्मक रूप से घास खाकर राज्य सरकार के खिलाफ विरोध जताया।

समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, अभ्यर्थियों का आरोप है कि लोक सेवा आयोग (पीएससी) की रैंक लिस्ट में नाम आने के बावजूद उन्हें अब तक नियुक्ति आदेश जारी नहीं किया गया है। प्रदर्शनकारी लंबे समय से नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। एक अभ्यर्थी ने बताया कि उनकी भूख हड़ताल 10 दिनों से अधिक समय से जारी है, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने उन्हें बातचीत के लिए भी नहीं बुलाया। प्रदर्शनकारी ने कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार हमारी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है और न ही हमें बातचीत के लिए बुला रही है। हम चाहते हैं कि सरकार कम से कम हमारे साथ बैठकर इस मुद्दे पर चर्चा करे।”

अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार ने सत्ता में आने से पहले उनकी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया था। उन्होंने बताया कि शिक्षक बनने के लिए उन्होंने वर्षों तक मेहनत और तैयारी की है और अब नियुक्ति मिलना उनका अधिकार है। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार से जल्द नियुक्ति आदेश जारी करने और उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। सचिवालय के बाहर हुए इस अनोखे प्रदर्शन ने राज्य में शिक्षक नियुक्ति के मुद्दे को फिर से चर्चा के केंद्र में ला दिया है।