मुजफ्फरपुर के आयुष सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में शामिल, विद्यालय परिवार ने जताई खुशी
- Post By Admin on Sep 27 2026
मुजफ्फरपुर : जी. डी. मदर स्कूल के कक्षा 10वीं के छात्र आयुष कुमार सिंह का चयन 51वीं सब-जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप के लिए बिहार टीम में हुआ है। उनके चयन पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय की एडमिनिस्ट्रेटिव डायरेक्टर कविता प्रसाद साह ने आयुष के चयन पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय की ओर से बताया गया कि 29 जुलाई से 3 अगस्त तक सब-जूनियर राज्य स्तरीय बास्केटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर मुजफ्फरपुर जिले से आयुष कुमार सिंह का चयन बिहार टीम के लिए किया गया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, वर्तमान बिहार टीम में आयुष अनुभवी खिलाड़ियों में शामिल हैं।
आयुष इससे पहले भी सब-जूनियर और एसजीएफआई नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में बिहार टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनके प्रदर्शन के आधार पर भारतीय खेल प्राधिकरण की ओर से देशभर के खिलाड़ियों के लिए अहमदाबाद में खेलो इंडिया असेसमेंट कैंप आयोजित किया गया था। इसमें बिहार से दो खिलाड़ियों का चयन हुआ था और दोनों खिलाड़ी जी. डी. मदर स्कूल से थे। इनमें आयुष कुमार सिंह भी शामिल थे। विद्यालय की संयुक्त सचिव प्रीति रानी ने आयुष और उनके कोच की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय के बास्केटबॉल खिलाड़ी लगातार मेहनत के बल पर विद्यालय के साथ-साथ मुजफ्फरपुर और बिहार का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यही खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कोच रणप्रताप जायसवाल ने बताया कि इसी वर्ष आयोजित जूनियर एनबीए नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में भी पूरे बिहार से आयुष कुमार सिंह का एकमात्र चयन हुआ था। उन्होंने आयुष की मेहनत, खेल के प्रति समर्पण और लगातार बेहतर प्रदर्शन की सराहना की। आयुष के पिता शिव शंकर कुमार व्यवसायी हैं, जबकि उनकी माता निक्की सिंह गृहिणी हैं। विद्यालय की प्राचार्य नीलम सिंह सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने आयुष के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।