मंत्रिमंडल सचिवालय में शिकायत के बाद जांच, अगले सप्ताह काम शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
- Post By Admin on Sep 26 2026
मुजफ्फरपुर : जिले के छपरा चौक से करीब तीन किलोमीटर दूर नरमा गांव में सहिला बल्ली से नरमा जाने वाली सड़क पर पिछले कई वर्षों से निर्माणाधीन पुल का काम अब पूरा होने की उम्मीद जगी है। पुल निर्माण की निर्धारित अंतिम तिथि वर्ष 2025 थी, लेकिन समय सीमा बीतने के बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका।
पुल निर्माण में हो रही देरी को लेकर छात्र राजद के निवर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष और आरटीआई कार्यकर्ता अमरेन्द्र कुमार ने संबंधित अधिकारियों के समक्ष शिकायत की थी। लंबे समय तक समाधान नहीं निकलने के बाद उन्होंने आंदोलन की चेतावनी देते हुए मंत्रिमंडल सचिवालय के राज्यस्तरीय सहयोग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पथ निर्माण विभाग के स्तर से मामले की जांच कराई गई। पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता ने ग्रामीण कार्य विभाग से रिपोर्ट प्राप्त कर मंत्रिमंडल सचिवालय को अपनी रिपोर्ट भेजी। रिपोर्ट में पुल का निर्माण कार्य 31 मार्च 2027 तक पूरा कर लेने का आश्वासन दिया गया है।
अमरेन्द्र कुमार ने कहा कि पुल निर्माण में लगातार हो रही देरी से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि अगले सप्ताह तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो ग्रामीणों के साथ निर्माणाधीन पुल के समीप आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।विभाग की ओर से निर्माण पूरा करने की समय सीमा निर्धारित किए जाने की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीणों में उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि अब पुल का निर्माण कार्य जल्द शुरू होकर निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा होगा। इस मौके पर लोजपा नेता सह पंचायत समिति सदस्य अनिल झा, अबिनाश झा, अरुण पासवान, रामजीवन राय, मुन्ना राय, रामदेव राय, पैक्स अध्यक्ष नानटुन सिंह, मुखिया मनीष शाही, राजमंगल सहनी, रामसभित पासवान सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।