हर्षोल्लास के साथ मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन का स्थापना दिवस
- Post By Admin on Jan 04 2026
वैशाली : अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन का स्थापना दिवस रविवार को महुआ प्रखंड, जिला वैशाली में उत्साहपूर्ण और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समाजसेवियों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
स्थापना दिवस समारोह का मुख्य उद्देश्य संगठन द्वारा किए जा रहे जनहितकारी कार्यों को आमजन तक पहुंचाना तथा भ्रष्टाचार, अन्याय, शोषण और मानवाधिकार उल्लंघन के खिलाफ आवाज को और अधिक सशक्त बनाना रहा। वक्ताओं ने कहा कि संगठन निष्ठा, ईमानदारी और संवैधानिक मूल्यों के साथ समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में युवा प्रदेश अध्यक्ष कृणाल कुमार जायसवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर श्री सुरेंद्र चौधरी (पिता) के कर-कमलों से केक काटकर स्थापना दिवस मनाया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ सराहा।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में संगठन के उद्देश्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध संघर्ष, पीड़ितों को न्याय दिलाना और मानवाधिकारों की रक्षा करना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन का प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम में संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से अमरजीत कुमार यादव (प्रदेश अध्यक्ष, बिहार), डॉ टी.एन. सुमन (प्रदेश अध्यक्ष, चिकित्सा प्रकोष्ठ बिहार), डॉ के.एल. सिंह (प्रदेश उपाध्यक्ष, चिकित्सा प्रकोष्ठ बिहार), सुरेंद्र कुमार यादव (जिला महामंत्री, वैशाली), संजीत कुमार यादव (जिला युवा अध्यक्ष, वैशाली), अर्जुन राय (प्रखंड अध्यक्ष, महुआ) सहित सत्येंद्र जी, मोहम्मद सदीक, अमर यादव एवं अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल थे।
कार्यक्रम का समापन संगठन की एकजुटता, सामाजिक न्याय और मानवाधिकार संरक्षण के संकल्प के साथ किया गया। उपस्थित जनसमूह ने संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।