स्थानीय नेता पर गोलीबारी, गैंगस्टर प्रिंस खान के गुर्गे ने ली जिम्मेदारी
- Post By Admin on Dec 14 2024

धनबाद : जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के कुर्मीडीह में शनिवार को अज्ञात बदमाशों ने स्थानीय नेता चेतन प्रसाद महतो पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, चेतन प्रसाद महतो अपनी सीमेंट की दुकान के पास खड़े थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने दुकान से कुछ दूरी पर अपनी बाइक रोकी और पैदल चलते हुए महतो के पास पहुंचे। बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी जिससे चेतन महतो गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद गैंगस्टर प्रिंस खान के गुर्गे मेजर की एक चिट्ठी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस चिट्ठी में चेतन महतो पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली गई है। चिट्ठी में अन्य लोगों के नाम का भी उल्लेख किया गया है और धमकी दी गई है कि "छोटे सरकार" को मैनेज नहीं करने वालों का यही हाल होगा।
घटना के बाद चेतन प्रसाद महतो के समर्थकों में भारी आक्रोश है। समर्थकों ने पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाते हुए अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और इलाके में छानबीन जारी है।
सिंदरी के विधायक चंद्रदेव उर्फ बबलू महतो ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि विधानसभा क्षेत्र में लगातार गोलीबारी की घटनाएं हो रही हैं। प्रशासन अपराधियों पर अंकुश लगाने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। उन्होंने सरकार और पुलिस प्रशासन से अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।