राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर लखीसराय में जागरूकता अभियान तेज
- Post By Admin on Aug 08 2026
लखीसराय: आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन को लेकर जिला परिवहन कार्यालय की टीम ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान लंबित ट्रैफिक चालानों के निपटारे से संबंधित पोस्टर चस्पा कर आमजनों को जानकारी दी गई।
पोस्टरों के माध्यम से बताया गया कि 90 दिनों से अधिक पुराने और लंबित ट्रैफिक चालानों के निपटारे पर राष्ट्रीय लोक अदालत में विशेष छूट प्रदान की जाएगी। लोगों को यह भी बताया गया कि 12 सितंबर 2026 को व्यवहार न्यायालय, लखीसराय में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जाएगी, जहां वे अपने लंबित चालानों का त्वरित निपटारा करा सकते हैं।
जिला परिवहन कार्यालय की टीम ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर लगाकर लोगों को इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों के अनुसार राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से लंबित मामलों का शीघ्र समाधान संभव होगा, जिससे आमजन को राहत मिलेगी। जिला प्रशासन, लखीसराय ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में राष्ट्रीय लोक अदालत में भाग लेने और अपने पुराने ट्रैफिक चालानों का समय पर निपटारा कराने की अपील की है।