गांधी मैदान से सीएम सम्राट चौधरी का पहला स्वतंत्रता दिवस संबोधन, विकास और रोजगार का रखा लक्ष्य

  • Post By Admin on Aug 15 2026
गांधी मैदान से सीएम सम्राट चौधरी का पहला स्वतंत्रता दिवस संबोधन, विकास और रोजगार का रखा लक्ष्य

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा फहराया। झंडोत्तोलन से पहले उन्होंने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। इस दौरान उन्होंने बिहार और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का यह गौरवशाली अवसर उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को याद करने का दिन है, जिनके संघर्ष और कुर्बानी से देश को आजादी मिली। गांधी मैदान में आयोजित मुख्य समारोह को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, औद्योगिक विकास, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार सृजन को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 30 हजार भूमिहीन परिवारों को आवास के लिए जमीन उपलब्ध कराई गई है। राज्य में नए विश्वविद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं और मेडिकल कॉलेजों के साथ प्रखंड स्तर पर डिग्री कॉलेजों की स्थापना पर भी काम हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर जिले में मॉडल अस्पताल विकसित किए जा रहे हैं, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकें और अनावश्यक रेफर करने की प्रवृत्ति पर रोक लगे। उन्होंने कहा कि सड़क, बुनियादी ढांचे और अन्य विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

औद्योगिक विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में ऐसे उद्योगों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिनसे अधिक से अधिक लोगों को रोजगार मिल सके। साथ ही किसानों के उत्पादों को उद्योगों से जोड़कर उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य नवंबर तक बिहार में पांच लाख करोड़ रुपए का निवेश आकर्षित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी व्यवस्था विकसित करने की दिशा में काम कर रही है, जिससे हर परिवार के कम से कम एक व्यक्ति को सरकारी या गैरसरकारी क्षेत्र में नौकरी अथवा रोजगार का अवसर मिल सके। मुख्यमंत्री ने राज्य में 25 चीनी मिलों को फिर से चालू करने अथवा नई चीनी मिलें स्थापित करने की योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बिहार को एक बार फिर देश का सिरमौर बनाना सरकार का लक्ष्य है।

मुख्य समारोह में सुरक्षा और प्रवेश व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए थे। विशिष्ट एवं अतिविशिष्ट अतिथियों के लिए मुख्य द्वार संख्या-10 निर्धारित था, जबकि पीला कार्ड धारक प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधियों का प्रवेश गेट नंबर-9 से कराया गया। महिलाओं के लिए गेट नंबर-12 और 13, विद्यार्थियों के लिए गेट नंबर-2, 3 और 4 तथा आम लोगों के लिए गेट नंबर-6 और 7 निर्धारित किए गए थे। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे गांधी मैदान को चार सेक्टर और विभिन्न सब-सेक्टरों में बांटा गया था। गांधी मैदान और कारगिल स्मृति चौक के आसपास कुल 62 स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। सभी निर्धारित स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी।