ललित नारायण तिरहुत महाविद्यालय में 51 फीट तिरंगे के साथ निकली भव्य तिरंगा यात्रा

  • Post By Admin on Aug 14 2026
ललित नारायण तिरहुत महाविद्यालय में 51 फीट तिरंगे के साथ निकली भव्य तिरंगा यात्रा

मुजफ्फरपुर: ललित नारायण तिरहुत महाविद्यालय की एनसीसी एवं एनएसएस इकाई के संयुक्त तत्वावधान में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा अघोरिया बाजार चौक से प्रारंभ होकर कलमबाग चौक होते हुए पुनः महाविद्यालय परिसर में पहुंची।

तिरंगा यात्रा का मुख्य आकर्षण 51 फीट लंबा विशाल तिरंगा रहा, जिसने पूरे मार्ग को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। हाथों में तिरंगा लिए छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण और शिक्षकेत्तर कर्मचारी उत्साहपूर्वक यात्रा में शामिल हुए। पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारों और जयघोषों से वातावरण गूंजता रहा। यात्रा का नेतृत्व महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. ममता रानी ने किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और देश के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र के सम्मान और संवैधानिक मूल्यों के प्रति सदैव सजग रहने का आह्वान किया।

तिरंगा यात्रा में महाविद्यालय के सभी विभागों के शिक्षकगण एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। यात्रा के दौरान लगाए गए राष्ट्रभक्ति के नारों ने आम लोगों का भी ध्यान आकर्षित किया और जन-जन में देश के प्रति गौरव और संवेदना की भावना को प्रबल किया।कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय परिसर में सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि इस तिरंगा यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और देशभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत करना है।