उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा की समीक्षा बैठक, बोले – हर पात्र परिवार तक पहुँचेगा योजनाओं का लाभ

  • Post By Admin on Aug 23 2025
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा की समीक्षा बैठक, बोले – हर पात्र परिवार तक पहुँचेगा योजनाओं का लाभ

लखीसराय : बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा शनिवार को लखीसराय प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने जिला अतिथि गृह में जिला पदाधिकारी, योजना विभाग के पदाधिकारियों एवं अंचलाधिकारियों के साथ बैठक कर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में उपमुख्यमंत्री ने साफ निर्देश दिया कि किसी भी पात्र परिवार को सरकारी योजनाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और तेजी बरतना अनिवार्य है ताकि विकास का लाभ गांव-गांव और घर-घर तक पहुँच सके। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

श्री सिन्हा ने कहा— “लखीसराय के सर्वांगीण विकास के लिए मैं पूरी तरह संकल्पित हूं। हर ग्रामीण और हर जरूरतमंद तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुँचाना हमारी पहली प्राथमिकता है।”

अपने प्रवास के दौरान उपमुख्यमंत्री हलसी प्रखंड भी पहुंचे। यहां हलसी चौक पर उन्होंने संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने कहा— “बाबा साहेब ने हमें संविधान और कानून की मजबूत नींव दी है। उनकी सोच और मार्गदर्शन से ही भारत आज लोकतंत्र और विकास की नई ऊँचाइयाँ छू रहा है। न्याय, समान अवसर और प्रगति का सपना ही बाबा साहेब का संकल्प था और यही हमारी सरकार की प्रतिबद्धता है।”

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार, भाजपा महामंत्री सनोज साहू समेत दर्जनों कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। बैठक और दौरे से कार्यकर्ताओं और आम लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।