नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में मानसून से पहले जलभराव और यातायात अव्यवस्था की आशंका को कम करने के लिए दिल्ली सरकार ने मंगलवार को एक बड़ा अभियान शुरू किया। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने एक ही दिन में 3,400 सड़कों के गड्ढे भरने का लक्ष्य तय किया है, जो राजधानी की सड़क सुरक्षा और सुगमता के लिहाज़ से एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है।

PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने स्वयं साकेत स्थित प्रेस एन्क्लेव में सड़क मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया और बताया कि सुबह 11 बजे तक 50% से अधिक गड्ढों को भर दिया गया है और शेष कार्य शाम तक पूरा कर लिया जाएगा। मंत्री ने कहा, "यह सिर्फ सड़क मरम्मत नहीं, जनता के प्रति हमारी सेवा भावना है। एक गड्ढा भरने में करीब 20 मिनट लगते हैं, लेकिन इससे रोजाना लाखों नागरिकों को राहत मिलती है।"

विकास मार्ग, शाहदरा, चितरंजन पार्क, महरौली, बाहरी व पश्चिमी दिल्ली समेत अनेक इलाकों में गड्ढा भराई का काम सुबह से जारी है। लक्ष्मी नगर के विकास मार्ग पर स्थानीय लोगों ने बताया कि लंबे समय से गड्ढों की अनदेखी की जा रही थी, लेकिन अब उन्हें भर दिया गया है, जिससे न सिर्फ जलभराव रुकेगा बल्कि लोगों की आवाजाही भी आसान हो गई है।

मंत्री वर्मा ने यह भी जानकारी दी कि अब तक 150 किलोमीटर लंबी नई सड़कें बन चुकी हैं और इस साल 500 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही, उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि “घटिया गुणवत्ता” वाली सड़कों के कारण राजधानी को हर साल मानसून में परेशानी उठानी पड़ती है, जिसे मौजूदा सरकार दुरुस्त कर रही है।

दिल्ली सरकार ने एनएचएआई, डीडीए और पीडब्ल्यूडी की संयुक्त टीमें तैनात कर दी हैं जो जलभराव के संभावित क्षेत्रों की पहचान और समाधान में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि हर स्थान पर जलभराव के कारणों का विश्लेषण किया जा रहा है ताकि स्थायी समाधान निकाला जा सके।

दिल्ली सरकार का यह कदम मानसून से पहले की तैयारियों को लेकर एक सक्रिय पहल मानी जा रही है, जिसका असर राजधानी की ट्रैफिक और जनसुविधा दोनों पर दिखाई दे सकता है।