कपड़ा व्यापारी की हत्या से बेगूसराय में खौफ, विपक्ष ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

  • Post By Admin on Dec 11 2025
कपड़ा व्यापारी की हत्या से बेगूसराय में खौफ, विपक्ष ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

बेगूसराय : बिहार के बेगूसराय जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर सातवें आसमान पर दिखे। वीरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक कपड़ा व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना जिले में महज 24 घंटे के भीतर दूसरी हत्या है, जिसने कानून व्यवस्था पर नए सिरे से सवाल खड़े कर दिए हैं।

मौके से मिली जानकारी के मुताबिक, परबंदा बाबा स्थान के पास बाइक से दुकान जा रहे कपड़ा व्यवसायी मोहम्मद शहजाद को अज्ञात हमलावरों ने निशाना बनाया। अपराधियों ने लगातार गोलियां चलाईं और हथियार लहराते हुए फरार हो गए। स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही वीरपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

बेगूसराय में पिछले दो दिनों में यह दूसरी सनसनीखेज हत्या है। इससे पहले बुधवार को छौड़ाही थाना क्षेत्र में जदयू नेता नीलेश कुमार को घर में घुसकर गोलियों से छलनी कर दिया गया था। तीन बाइक सवार अपराधी बिना कुछ कहे सीधे उनके कमरे में घुसे और ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौत के घाट उतार दिया।

लगातार हो रही हत्याओं ने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। राजद ने नीतीश सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला है। राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि सरकार बनने के कुछ ही दिनों के भीतर 50 से अधिक हत्याएं होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा, “अपराधी किसी जाति-धर्म का नहीं होता। सरकार के पास सत्ता की बागडोर है, तो कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी भी उन्हीं की है।”

लगातार बढ़ते अपराधों ने बेगूसराय में सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवालिया निशान लगा दिए हैं, जबकि आम जनता में भय और असुरक्षा का माहौल गहराता जा रहा है।