बिहार की बदहाली पर प्रशांत किशोर का बयान, कहा— जनता को बदलनी होगी राजनीतिक समझ
- Post By Admin on Mar 23 2026
लखीसराय : जनसुराज अभियान के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा कि जब तक बिहार की जनता की राजनीतिक सोच और समझ में बदलाव नहीं आएगा, तब तक राज्य के विकास की उम्मीद करना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि यदि लोग नोट के बदले वोट देने की मानसिकता से बाहर नहीं निकलेंगे, तो बिहार में वास्तविक परिवर्तन संभव नहीं होगा।
सूर्यगढ़ा दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार की नई सरकार बनने के बाद भी दूसरे राज्यों में मजदूरी करने गए कई बिहारी मजदूरों की मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि राजस्थान में पटाखा फैक्ट्री में 12 बिहारी मजदूरों की मौत हुई, जबकि सूरत की एक रंग फैक्ट्री के टैंक में जहरीली गैस से चार युवा मजदूरों की जान चली गई। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों राज्यों में भाजपा की सरकार होने के बावजूद मृत मजदूरों के शवों को बिहार भेजने तक की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि दुख की बात यह है कि चुनाव के समय यही मजदूर परिवार नकद पैसों के लालच में अपना वोट दे देते हैं। ऐसी स्थिति में जब तक आम जनता की राजनीतिक सोच नहीं बदलेगी, तब तक बिहार के विकास की उम्मीद करना कठिन है।
एक अन्य सवाल के जवाब में प्रशांत किशोर ने कहा कि चुनाव से पहले और बाद भी जनसुराज अभियान का मुख्य उद्देश्य बिहार के लोगों की राजनीतिक मानसिकता को बदलना और उन्हें विकास के मुद्दों पर जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का लक्ष्य लोगों को विकासवादी सोच की ओर प्रेरित करना है।
प्रशांत किशोर सूर्यगढ़ा में स्थानीय विधायक उम्मीदवार रविशंकर सिंह अशोक के आवास पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान रविशंकर सिंह अशोक के जनसुराज पार्टी में शामिल होने की अटकलों पर उन्होंने कहा कि अशोक से उनकी बातचीत पहले से होती रही है और दोनों की राजनीतिक सोच तथा उद्देश्य काफी हद तक समान हैं। उन्होंने कहा कि यदि राजनीतिक रूप से साथ काम करने का अवसर मिला तो समाज के लिए बेहतर कार्य किए जा सकते हैं।
इस दौरे के दौरान प्रशांत किशोर के साथ पूर्व विधायक मुन्ना भैया और रामबली सिंह भी मौजूद थे। प्रशांत किशोर और रविशंकर सिंह अशोक की मुलाकात के बाद स्थानीय स्तर पर यह चर्चा तेज हो गई है कि रविशंकर सिंह अशोक जल्द ही जनसुराज पार्टी में शामिल हो सकते हैं।