सिपाही भर्ती परीक्षा में सेटिंग का खेल बेनकाब, नकल कराने के उपकरणों के साथ दो गिरफ्तार
- Post By Admin on Jun 13 2026
बेगूसराय : 14 जून को आयोजित होने वाली मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने की साजिश का बेगूसराय पुलिस ने खुलासा किया है। तकनीकी शाखा और बखरी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 12 जून को तकनीकी शाखा को गुप्त सूचना मिली थी कि बखरी थाना क्षेत्र के जीतपुर निवासी राजेश रौशन के घर पर परीक्षा में सेटिंग और नकल कराने के उद्देश्य से कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जमा किए गए हैं। सूचना के आधार पर बखरी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में तकनीकी शाखा एवं बखरी थाना की संयुक्त टीम ने राजेश रौशन के आवास पर छापेमारी की।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 38 वॉकी-टॉकी, सात ब्लूटूथ डिवाइस, छह चार्जर, तीन जोड़ी गंजी में छिपाकर उपयोग किए जाने वाले डिवाइस, दो सिम युक्त एटीएम कार्डनुमा उपकरण, तीन डिवाइस लगी चप्पल, दो माइक्रोफोन, एक मेटल डिटेक्टर, दो मोबाइल फोन सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए। इसके अलावा कई परीक्षार्थियों के प्रमाण पत्र भी जब्त किए गए हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने राजेश रौशन और दुलारचंद यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि परीक्षा में गड़बड़ी की इस कथित साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है।
*सांकेतिक तस्वीर*