यूपी में आज शीतलहर से बढ़ेगी ठंड, गरज-चमक के साथ होगी झमाझम बारिश

  • Post By Admin on Dec 27 2024
यूपी में आज शीतलहर से बढ़ेगी ठंड, गरज-चमक के साथ होगी झमाझम बारिश

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। मौसम विभाग ने 27 और 28 दिसंबर तक बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। जबकि कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। इस दौरान सर्द हवाओं और घने कोहरे के कारण ठंड में और बढ़ोतरी हो सकती है। पूरे उत्तर प्रदेश में बारिश और शीतलहर का असर देखने को मिलेगा।

लखनऊ में बारिश और बढ़ेगी ठंड

लखनऊ में आज सुबह हल्की बूंदाबांदी के साथ मौसम में ठंडक बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, दिनभर बादल छाए रहेंगे। हालांकि 11 बजे के आसपास धूप निकलने की संभावना है लेकिन हल्के बादल आकाश में बने रहेंगे। दिन के समय हवाओं में नमी बढ़ेगी। जिससे ठंड में और इजाफा हो सकता है। शाम ढलने के बाद तापमान और गिर सकता है और कोहरे के कारण ठिठुरन बढ़ सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, देर शाम तेज बारिश की संभावना जताई जा रही है। लखनऊ का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

आगरा, नोएडा और कानपुर में बारिश का अलर्ट

आगरा में आज सुबह से आंशिक बादल छाए रहेंगे। यहां वर्षा, गरज-चमक के साथ बौछार और ओलावृष्टि हो सकती है। जिससे ठिठुरन और सर्द हवाओं का असर बढ़ेगा। आगरा का अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री रहेगा। वहीं, नोएडा में शुक्रवार की शुरुआत बारिश के साथ हुई। यहां भी ठंड में इजाफा हुआ है और लोगों को अलाव जलाकर ठंड से बचने की जुगत करनी पड़ी। कानपुर में तेज हवा चलने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। यहां अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री रहेगा।

जालौन और इटावा का मौसम

जालौन में शुक्रवार को मौसम साफ रहने की उम्मीद है। हालांकि दोपहर तक हल्की हवाएं चल सकती हैं और शाम होते-होते ठंड बढ़ सकती है। इटावा में सुबह बादल छाए रहेंगे लेकिन दोपहर के बाद धूप निकलने की संभावना है। यहां भी तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा और तेज हवाएं चल सकती हैं। इटावा का अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री रहेगा।

इन जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना

मौसम विभाग ने 27 और 28 दिसंबर को बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर और इसके आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि हो सकती है। इसके अलावा सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, मैनपुरी, इटावा, बिजनौर, बरेली, संभल और अन्य आसपास के इलाकों में भी ओले गिरने की संभावना जताई गई है। लखनऊ के आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

ठंड में और इजाफा

मौसम विभाग के अनुसार इस हफ्ते ठंड में और बढ़ोतरी हो सकती है। उत्तर प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में शीतलहर का असर रहेगा और ठंड का असर आगामी दिनों में अधिक महसूस होगा। इस हफ्ते लोगों को ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं इसलिए सभी को ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी जा रही है। इस बार की सर्दी के साथ बर्फीली हवाओं और घने कोहरे के बीच लोगों को सर्दियों का पूरा असर महसूस होने वाला है।