टूटा छात्रों के सब्र का बांध : BRABU में धांधली और भ्रष्टाचार के खिलाफ 16 अक्टूबर को AIDSO का हल्ला बोल

  • Post By Admin on Oct 03 2026
टूटा छात्रों के सब्र का बांध : BRABU में धांधली और भ्रष्टाचार के खिलाफ 16 अक्टूबर को AIDSO का हल्ला बोल

मुजफ्फरपुर : बाबासाहेब भीमराव बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) में व्याप्त शैक्षणिक अराजकता, भ्रष्टाचार, परीक्षा परिणामों में विसंगतियां, अनियंत्रित फीस वृद्धि और शिक्षक-कर्मियों के रिक्त पदों के विरोध में ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) ने आर-पार की लड़ाई का एलान किया है। शनिवार, 3 अक्टूबर 2026 को मोतीझील स्थित संगठन के जिला कार्यालय में आयोजित जिला कमिटी की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इन गंभीर मुद्दों को लेकर आगामी 16 अक्टूबर 2026 को विश्वविद्यालय मुख्यालय के समक्ष विशाल छात्र प्रदर्शन किया जाएगा।

बैठक के दौरान छात्र नेताओं ने विश्वविद्यालय परिसर में 30 सितंबर से आमरण अनशन व भूख हड़ताल पर बैठे विद्यार्थियों की स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की। संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन से हठधर्मिता छोड़कर आंदोलनकारी छात्रों के साथ अविलंब संवेदनशील वार्ता करने और उनकी न्यायसंगत मांगों का ठोस समाधान निकालने की पुरजोर मांग की।

आगामी 16 अक्टूबर के प्रदर्शन में कई प्रमुख मांगें प्रमुखता से उठाई जाएंगी, जिनमें विश्वविद्यालय में फैले भ्रष्टाचार पर रोक लगाना, बढ़ाई गई फीस को तत्काल वापस लेना, पेंडिंग और त्रुटिपूर्ण रिजल्ट का समयबद्ध सुधार, पर्याप्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ की बहाली, बंद व जर्जर छात्रावासों का जीर्णोद्धार करते हुए नए हॉस्टलों का निर्माण तथा प्रमाण-पत्रों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करना शामिल है। इसके अलावा, राज्य सरकार द्वारा सभी वर्गों की छात्राओं एवं एससी/एसटी वर्ग के छात्रों के लिए घोषित नि:शुल्क शिक्षा के प्रावधानों को कड़ाई से लागू करने तथा छात्र संघ चुनाव लोकतांत्रिक तरीके से कराने की मांग भी उठाई जाएगी।

AIDSO के मुजफ्फरपुर जिला अध्यक्ष शिव कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम थोपकर विद्यार्थियों पर भारी आर्थिक बोझ डाल रहा है, जिससे पठन-पाठन का माहौल पूरी तरह बिगड़ चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रों के बुनियादी व शैक्षणिक अधिकारों की हिफाजत के लिए अब जिले भर के छात्रों को गोलबंद कर चरणबद्ध व लोकतांत्रिक आंदोलन तेज किया जाएगा।

इस बैठक में कार्यकारिणी सदस्य रूपा कुमारी, दीपमाला कुमारी, अरफा जिया, अभिषेक कुमार, अली अख्तर, अंकित कुमार, रामविलास कुमार, नितेश कुमार, प्रकाश कुमार, राहुल कुमार और अनिल कुमार सहित अनेक छात्र कार्यकर्ता उपस्थित थे।