वरिष्ठ पत्रकार व संस्कृतिकर्मी प्रेम कुमार बने कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ के ग्लोबल कार्यकारी अध्यक्ष
- Post By Admin on Oct 03 2026
पटना : वरिष्ठ पत्रकार एवं संस्कृतिकर्मी प्रेम कुमार को ग्लोबल कायस्थ कांफ्रेंस (जीकेसी) के कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ का ग्लोबल कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। संगठन के ग्लोबल अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। उनके मनोनयन की घोषणा के बाद पत्रकारिता, साहित्य, कला, संस्कृति एवं विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजनों ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए शुभकामनाएं दी हैं।
लंबे समय से सक्रिय पत्रकारिता के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में अग्रणी भूमिका निभाने वाले प्रेम कुमार के इस पद पर आने से संगठन की रचनात्मक गतिविधियों को वैश्विक स्तर पर नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। शुभचिंतकों और कला जगत के जानकारों का मानना है कि उनके व्यापक अनुभव और सक्रियता से नवोदित कलाकारों, संस्कृतिकर्मियों और विभिन्न विधाओं से जुड़ी प्रतिभाओं को एक सशक्त और प्रभावी मंच मिलेगा।
अपने मनोनयन पर आभार जताते हुए प्रेम कुमार ने संगठन के ग्लोबल अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद और प्रबंध न्यासी रागिनी रंजन के प्रति विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा व्यक्त किया गया यह भरोसा केवल एक सम्मान नहीं, बल्कि एक बड़ा दायित्व है, जिसका वे पूरी निष्ठा, प्रतिबद्धता और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे।
उन्होंने रेखांकित किया कि कला और संस्कृति समाज को परस्पर जोड़ने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। उनका प्राथमिक प्रयास लोक कला, साहित्य, संगीत और रंगमंच जैसी विधाओं को प्रोत्साहित कर प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करना होगा। इसके साथ ही देश-विदेश में बसे कायस्थ समाज की सांस्कृतिक प्रतिभाओं को एक सूत्र में पिरोने और नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध विरासत से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने संगठन के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और संस्कृतिकर्मियों से सहयोग का आह्वान करते हुए कहा कि सबके साझा प्रयास से रचनात्मक गतिविधियों को गति दी जाएगी।