आवली बस्ती में भारती शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय का स्वच्छता मिशन, हर-घर पहुंचा जागरूकता संदेश
- Post By Admin on Aug 11 2026
मुजफ्फरपुर : राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में भारती शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, सदातपुर द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत गोद ली गई आवली बस्ती, सदातपुर वार्ड संख्या-04 में व्यापक स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के तहत प्रभात फेरी, जागरूकता रैली, हर-घर तिरंगा संपर्क अभियान, स्वच्छता शपथ और सफाई अभियान आयोजित किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी और जागरूकता रैली से हुई। एनएसएस स्वयंसेवकों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर बस्ती का भ्रमण किया तथा “स्वच्छ भारत–स्वस्थ भारत”, “स्वच्छ गांव, स्वस्थ गांव”, “प्लास्टिक छोड़ो, पर्यावरण जोड़ो”, “स्वच्छता अपनाएं, बीमारियों को दूर भगाएं” और “मेरा गांव, मेरी जिम्मेदारी” जैसे नारों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इसके बाद स्वयंसेवकों ने घर-घर संपर्क अभियान चलाकर ग्रामीणों को स्वच्छ जीवनशैली अपनाने, कचरे का पृथक्करण करने, एकल-उपयोग प्लास्टिक का बहिष्कार करने और घर तथा आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। स्वयंसेवकों ने सार्वजनिक स्थलों, गलियों और नालियों की सफाई कर स्वच्छता का संदेश भी दिया। अभियान के दौरान सभी स्वयंसेवकों, शिक्षकों और ग्रामीणों को स्वच्छता शपथ दिलाई गई। सभी ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने और स्वच्छ एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार पाल ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही स्वच्छ एवं विकसित भारत का सपना साकार हो सकता है। डी.एल.एड. विभागाध्यक्ष डॉ. सतीश चंद्र ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भावना का विकास करना भी है। उन्होंने स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को सामाजिक परिवर्तन की मजबूत आधारशिला बताया।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी रामजी यादव ने बताया कि स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत महाविद्यालय द्वारा जनहित और सामाजिक सरोकार से जुड़े कई कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान तभी सफल होगा जब प्रत्येक नागरिक इसे अपना व्यक्तिगत दायित्व समझे। अभियान को सफल बनाने में मुखिया प्रतिनिधि जितेंद्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने ग्रामीणों को स्वच्छता और जनजागरूकता अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं कंप्यूटर साइंस की सहायक प्राध्यापिका गुंजा कुमारी ने प्रभात फेरी और जागरूकता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए ग्रामीणों तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक तथा आवली बस्ती के बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। इनमें दिवाकर कुमार, मंजू देवी, दुलारी देवी, पप्पू कुमार, अवधेश कुमार, रविंद्र राम, कौशल्या देवी, जय नंदन राम, राहुल कुमार, रामकुमार, रामकरण, अमरजीत कुमार, निन्दू कुमार, सुशील कुमार और प्रमोद कुमार सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे। अभियान के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छ, स्वस्थ, सुंदर और विकसित भारत के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया।