पटना में आज निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, सम्राट चौधरी करेंगे नेतृत्व
- Post By Admin on Aug 10 2026
पटना: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से बिहार सरकार द्वारा हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत व्यापक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को राजधानी पटना में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सुबह 10 बजे जेपी गोलंबर से यात्रा की शुरुआत होगी, जो कारगिल चौक तक जाएगी। कला एवं संस्कृति विभाग के अनुसार इस अभियान के तहत राज्यभर में कई राष्ट्रभक्ति आधारित गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। पटना में तिरंगा यात्रा के अलावा सेल्फी विद तिरंगा, तिरंगा थीम पर आधारित प्रकाश सज्जा, तिरंगा रंगोली और वंदे मातरम् के सामूहिक गायन जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के प्रति नागरिकों में भावनात्मक जुड़ाव बढ़ाना और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। अभियान को सफल बनाने के लिए प्रत्येक प्रखंड को चार हजार तिरंगे झंडे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन झंडों का वितरण विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक संस्थानों के माध्यम से किया जाएगा, ताकि आम लोगों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
यात्रा को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत रूट सेनिटाइजेशन, पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन निकासी की विशेष व्यवस्था भी की गई है। मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने बिहारवासियों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में तिरंगा यात्रा में शामिल हों और हर घर तिरंगा अभियान को जन-आंदोलन बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।