महिला दिवस पर लखीसराय में खो-खो प्रतियोगिता, प्लस टू गर्ल्स स्कूल परियोजना बना चैंपियन

  • Post By Admin on Mar 08 2026
महिला दिवस पर लखीसराय में खो-खो प्रतियोगिता, प्लस टू गर्ल्स स्कूल परियोजना बना चैंपियन

लखीसराय : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लखीसराय में महिलाओं और बालिकाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता पब्लिक हाई स्कूल के मैदान में आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न स्कूलों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि न्यू डीपीएस के निदेशक अभिषेक आनंद और वार्ड पार्षद अमृत भाई पटेल ने नारियल फोड़कर किया। इस मौके पर अभिषेक आनंद ने कहा कि महिलाओं और लड़कियों में जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से यह संदेश जाता है कि महिलाएं भी शारीरिक रूप से मजबूत हैं और हर क्षेत्र में आगे बढ़ने की क्षमता रखती हैं।

लखीसराय खो-खो संघ के सचिव अमित सिंह राजपूत ने बताया कि प्रतियोगिता में प्लस टू मानिकपुर हाई स्कूल, प्लस टू हाई स्कूल टोलरपुर, संत मेरी इंग्लिश स्कूल, प्लस टू गर्ल्स स्कूल परियोजना और डॉ. जाकिर हुसैन मध्य विद्यालय की छात्राओं ने भाग लिया।

फाइनल मुकाबला प्लस टू गर्ल्स स्कूल परियोजना और संत मेरी इंग्लिश स्कूल के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में प्लस टू गर्ल्स स्कूल परियोजना ने संत मेरी इंग्लिश स्कूल को 6-5 से हराकर खिताब अपने नाम किया। विजेता और उपविजेता टीम को कप देकर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता में पहली बार राष्ट्रीय खिलाड़ी सीनियर गुड़िया कुमारी ने रेफरी की भूमिका निभाई। उनके साथ सदानंद कुमार, गुंजन कुमार, नीरज सिंह क्षत्रिय और धीरज कुमार ने भी सहयोग किया।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि अभिषेक आनंद ने सभी प्रतिभागी छात्राओं को कलाम कॉपी देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।