स्वराज शूटिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने बढ़ाया जिले का मान, 17 शूटर राज्य प्रतियोगिता के लिए रवाना
- Post By Admin on Jun 22 2026
मुजफ्फरपुर : जिले की निशानेबाजी प्रतिभाओं ने एक बार फिर अपनी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर राज्य स्तरीय मंच पर जगह बनाई है। 36वीं बिहार राज्य शूटिंग चैंपियनशिप के लिए स्वराज शूटिंग अकादमी के 17 खिलाड़ियों का चयन होने से अकादमी और जिले में खुशी की लहर है। चयनित खिलाड़ी सोमवार को पटना के लिए रवाना हुए, जहां वे बिहार की सबसे प्रतिष्ठित शूटिंग प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
बिहार स्टेट राइफल एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित 36वीं बिहार राज्य शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन 23 से 25 जून 2026 तक कल्याण बीघा इंडोर स्टेडियम, पटना में किया जाएगा। प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों के प्रतिभाशाली निशानेबाज हिस्सा लेंगे। राइफल वर्ग में स्वराज भारद्वाज, समर कुमार सिंह, ध्रुवेश कुमार सिंह, प्रतीक मिश्रा एवं शांतनु अमन का चयन हुआ है। वहीं पिस्टल वर्ग में श्रेया भारद्वाज, सुमेधा सिंह, उज्ज्वल कुमार, अरिंजय राज, सूरज कुमार, दिव्यांशु कुमार, अमित कुमार, नवीन कुमार, आदित्य वर्मा, निशांत राज, नीतू राज एवं मोहित जाम्बुलकर राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में अकादमी और मुजफ्फरपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे। अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक अमित घंसेला भी खिलाड़ियों के साथ पटना रवाना हुए हैं। प्रतियोगिता के दौरान वे खिलाड़ियों को तकनीकी मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। अकादमी प्रबंधन ने विश्वास जताया कि उनके अनुभव और प्रशिक्षण का लाभ खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन करने में मिलेगा।
स्वराज शूटिंग अकादमी के पदाधिकारियों और प्रशिक्षकों ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, लगन और नियमित अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों को पूरे आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और अपने प्रदर्शन से जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। अकादमी परिवार ने उम्मीद जताई कि चयनित निशानेबाज राज्य चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन कर न केवल पदक हासिल करेंगे, बल्कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए भी अपनी दावेदारी मजबूत करेंगे। खिलाड़ियों की इस सफलता को मुजफ्फरपुर में उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया जा रहा है।