महिला दिवस की पूर्व संध्या पर लखीसराय में बास्केटबॉल प्रतियोगिता, खुटहा टीम ने जीती ट्रॉफी
- Post By Admin on Mar 07 2026
लखीसराय : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर जिला प्रशासन लखीसराय के तत्वावधान में बालगुदर स्थित बास्केटबॉल खेल मैदान में महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को खेल के प्रति प्रेरित करना, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना तथा समाज में महिला सशक्तिकरण का संदेश देना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी ने टॉस उछालकर किया और मैदान में उपस्थित खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि मानसिक दृढ़ता, अनुशासन और टीम भावना को भी मजबूत बनाता है। उन्होंने छात्राओं से पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता शुरू होने से पहले जिला पदाधिकारी ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना, ईमानदारी और अनुशासन के साथ खेलने की शपथ दिलाई। खिलाड़ियों ने निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा और आपसी सम्मान बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस प्रतियोगिता में जिले के चार विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया, जिनमें प्लस टू हाई स्कूल खुटहा, प्लस टू हाई स्कूल नरोत्तमपुर कजरा, हाई स्कूल महीसोना तथा न्यू दिल्ली पब्लिक हाई स्कूल सूर्यगढ़ा की टीमें शामिल थीं। सभी मुकाबले रोमांचक रहे और खिलाड़ियों ने पूरे जोश के साथ अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
पहला सेमीफाइनल मुकाबला प्लस टू हाई स्कूल नरोत्तमपुर कजरा और हाई स्कूल महीसोना के बीच खेला गया, जिसमें नरोत्तमपुर कजरा की टीम ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरा सेमीफाइनल न्यू दिल्ली पब्लिक हाई स्कूल सूर्यगढ़ा और प्लस टू उच्च विद्यालय खुटहा के बीच हुआ, जिसमें खुटहा की टीम ने जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबला प्लस टू उच्च विद्यालय खुटहा और प्लस टू उच्च विद्यालय नरोत्तमपुर कजरा के बीच खेला गया। इस रोमांचक मैच में खुटहा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 14–4 के अंतर से जीत दर्ज की और प्रतियोगिता की विजेता बनी, जबकि नरोत्तमपुर कजरा की टीम उपविजेता रही।
समापन समारोह में जिला पदाधिकारी ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया तथा सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं और समाज में महिलाओं की भागीदारी को मजबूत बनाते हैं।
इस अवसर पर राज्य महादलित आयोग बिहार के सदस्य अजीत कुमार चौधरी और रामेश्वर रजक, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, नोनगढ़ पंचायत की मुखिया जूली देवी, जिला कल्याण पदाधिकारी राजीव रंजन कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।