पटना : बिहार महिला क्रिकेट की उभरती हुई प्रतिभा और रक्सौल की 15 वर्षीय क्रिकेटर अक्षरा गुप्ता को एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। बिहार क्रिकेट संघ ने वर्ष 2026 के लिए बिहार अंडर-19 महिला जोनल टीम की टी-20 और वनडे (ओडीआई) दोनों प्रारूपों की कप्तानी अक्षरा गुप्ता को सौंप दी है। 8 जून से पटना में शुरू होने वाले जोनल टूर्नामेंट में वह टीम का नेतृत्व करती नजर आएंगी।
अक्षरा गुप्ता ने वर्ष 2025 में अपनी कप्तानी और शानदार प्रदर्शन से बिहार क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया था। उनके नेतृत्व में बिहार अंडर-19 महिला टीम ने लगातार चार मुकाबलों में जीत दर्ज कर जोनल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था। इस सफल अभियान के दौरान अक्षरा ने अपने हरफनमौला खेल से प्रभावित करते हुए दो बार ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार भी जीता था। लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर अक्षरा ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम दर्ज कराई है। वह दो वर्षों के भीतर लगातार चार बीसीसीआई टूर्नामेंट खेलने वाली पहली महिला क्रिकेटर बन चुकी हैं। यह उपलब्धि उनकी प्रतिभा, मेहनत और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाती है।
क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि कम उम्र में नेतृत्व क्षमता और लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन ने अक्षरा को बिहार महिला क्रिकेट की सबसे भरोसेमंद और संभावनाशील खिलाड़ियों में शामिल कर दिया है। उनकी कप्तानी में एक बार फिर बिहार टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। रक्सौल की इस युवा क्रिकेटर की उपलब्धियों से न केवल उनके परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है, बल्कि बिहार के खेल प्रेमियों को भी उनसे भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सफलताओं की उम्मीद है।




















