विनाश के मार्ग पर कांग्रेस, पतन निश्चित : नीरज दौनेरिया
- Post By Admin on May 04 2023

लखनऊ : बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक नीरज दौनेरिया ने गुरुवार को कहा कि पीएफआई जैसे प्रतिबंधित आतंकी संगठन से बजरंग दल की तुलना कर कांग्रेस ने शर्मनाक हरकत की है। बजरंग दल इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा। बजरंग दल और कर्नाटक का जनमानस आने वाले कुछ दिनों में कांग्रेस को सबक सिखाने का काम करेगा।
नीरज दौनेरिया ने हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत में कहा कि कांग्रेस विनाश के मार्ग पर चल पड़ी है, इसलिए उसका विनाश और पतन निश्चित है। कांग्रेस को राष्ट्रभक्त समाज ने केंद्र से निर्वासित कर दिया है। हिन्दू मुस्लिम में विभाजन के माध्यम से कांग्रेस सत्ता हासिल करना चाहती है। कर्नाटक हनुमान जी का जन्म स्थान है। कांग्रेस को जवाब देने के लिए आज कर्नाटक में जिला प्रखंड एवं गांव-गांव में हनुमान चालीसा का पाठ हो रहा है।
बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि कांग्रेस ने धर्म के आधार पर देश का विभाजन कराया था। आज भी कांग्रेस मुस्लिम परस्त होकर वह काम कर रही है। कट्टरपंथियों को खुश कर मुस्लिमों का वोट प्राप्त करने के लिए कांग्रेस ने बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने की बात घोषणा पत्र में की है। जो पार्टी सत्ता के लिए देश का विभाजन स्वीकार कर सकती है उससे क्या अपेक्षा की जा सकती है। मुस्लिम परस्त राजनीति को समाप्त करने की जरूरत है।
दौनेरिया ने कहा कि बजरंग दल देश में इस्लामिक एजेंडे को समाप्त करेगा। इसके लिए हिन्दू नौजवानों को संगठित होने की जरूरत है। युवा हिन्दू मानबिन्दुओं की रक्षा के लिए काम करें। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र के माध्यम से संकट खड़ा किया है। हिन्दुओं का कर्तव्य है कि जो हमारे स्वाभिमान और आस्था पर चोट पहुंचाए ऐसे लोगों को परास्त करें। इसलिए कर्नाटक का हिन्दू समाज कांग्रेस को परास्त करे। क्योंकि कांग्रेस देशद्रोही ताकतों के साथ खड़ी है।
बजरंग दल देशभक्त नौजवानों का संगठन
नीरज ने कहा कि देश-दुनिया बजरंग दल के आदर्श कार्यों से परिचित है। बजरंग दल देशव्यापी, राष्ट्रव्यापी देशभक्त नौजवानों का संगठन है। बजरंग दल के कार्यकर्ता भगवान श्रीराम के आदर्श को लेकर चलते हैं, हनुमान जी को अपना आदर्श मानते हैं। सेवा सुरक्षा संस्कार के भाव से काम करते हैं। संविधान के दायरे से बाहर जाकर कभी भी बजरंग दल ने काम नहीं किया है। बजरंग दल ने 86 लाख गौवंश को कटने से कसाइयों के हाथ से बचाया है। व्यापक पैमाने पर सेवा कार्य करता है। प्रतिवर्ष 50 हजार यूनिट रक्तदान कराता है। प्रतिवर्ष पांच लाख पौधे जुलाई माह में लगाता है। साहसिक यात्रा निकालता है। हिन्दू समाज के युवाओं को साहसिक एवं पराक्रमी बनाने के लिए प्रशिक्षण वर्ग लगाता है।