भोजपुर में प्रशांत किशोर बोले- सिर्फ पुलिसकर्मियों पर नहीं, आदेश देने वालों पर भी हो कार्रवाई

  • Post By Admin on Jun 24 2026
भोजपुर में प्रशांत किशोर बोले- सिर्फ पुलिसकर्मियों पर नहीं, आदेश देने वालों पर भी हो कार्रवाई

भोजपुर: जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर बुधवार को भोजपुर जिले के शाहपुर पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत भूषण तिवारी के परिजनों से उनके घर जाकर मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने गांव में आयोजित श्रद्धांजलि सह महापंचायत में भाग लिया और भरत तिवारी को न्याय दिलाने की मांग दोहराई।

प्रशांत किशोर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भरत तिवारी मामले में सरकार ने पूरे प्रकरण को गलत तरीके से संभाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनदबाव बढ़ने के बाद अब केवल छोटे अधिकारियों पर कार्रवाई कर सरकार अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की प्राथमिक मांग मुआवजा या नौकरी नहीं, बल्कि न्याय है। उन्होंने कहा कि न्याय का अर्थ केवल थाना प्रभारी के निलंबन या डीएसपी पर कार्रवाई तक सीमित नहीं होना चाहिए। उनके अनुसार, जिन लोगों ने हत्या को अंजाम दिया, उनके साथ-साथ उन लोगों की भी जांच और कार्रवाई होनी चाहिए, जिनके निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।

प्रशांत किशोर ने कहा कि भरत भूषण तिवारी किसी निजी विवाद की लड़ाई नहीं लड़ रहे थे, बल्कि गंगा कटाव से विस्थापित होकर आए जमुनिया गांव के करीब 80 परिवारों के लिए बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग उठा रहे थे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयान का उल्लेख करते हुए प्रशांत किशोर ने उसे असंवेदनशील बताया। उन्होंने कहा कि यदि पुलिसिंग का अर्थ केवल गोली चलाना समझ लिया जाए तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उनके मुताबिक पुलिस का दायित्व समाज की सुरक्षा करना है, न कि भय का वातावरण पैदा करना। उन्होंने कहा कि जब रक्षक ही भक्षक बन जाएं तो समाज को आगे आकर आवाज उठानी पड़ती है।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने न्यायिक जांच की घोषणा तो कर दी है, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया कि जांच कौन करेगा, उसकी सीमा क्या होगी और क्या उसमें कथित रूप से निर्णय लेने वाले वरिष्ठ अधिकारियों, संबंधित एसटीएफ अधिकारियों, गृह विभाग की भूमिका तथा अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की भी जांच शामिल होगी। प्रशांत किशोर ने कहा कि भरत भूषण तिवारी का परिवार अकेला नहीं है और न्याय की लड़ाई में पूरा समाज उनके साथ खड़ा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जन सुराज भी इस मामले में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।