भरत भूषण तिवारी के परिजनों से मिले मानवाधिकार अधिवक्ता एस.के. झा, आयोग में चल रही सुनवाई की दी जानकारी
- Post By Admin on Jul 12 2026
भोजपुर: मानवाधिकार मामलों के अधिवक्ता एस.के. झा ने रविवार को भोजपुर जिले के बिलौटी गांव पहुंचकर दिवंगत भरत भूषण तिवारी के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवार का हालचाल जाना और बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग में चल रहे मामले की वर्तमान स्थिति से उन्हें अवगत कराया।
मुलाकात के दौरान अधिवक्ता एस.के. झा ने पीड़ित परिवार के साथ मुकदमे की आगे की रणनीति, न्यायिक जांच की प्रगति तथा आगामी सुनवाई को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि मामले में न्यायिक प्रक्रिया जारी है और उनके पक्ष को मजबूती से आयोग के समक्ष रखा जा रहा है। बताया गया कि भरत भूषण तिवारी मामले में अधिवक्ता एस.के. झा द्वारा दायर याचिका पर बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग में सुनवाई चल रही है। आयोग ने मामले की अगली सुनवाई की तिथि 3 अगस्त निर्धारित की है। साथ ही आयोग के निर्देश पर बिहार सरकार को पीड़ित परिवार को निर्धारित मुआवजा उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर अधिवक्ता एस.के. झा के साथ अधिवक्ता प्रफुल्ल कुमार श्रीवास्तव, कबीर राज, मो. एहसान, आलोक कुमार सिन्हा, अभिषेक झा तथा रवि रंजन शाही भी मौजूद रहे। अधिवक्ता एस.के. झा ने कहा कि उन्हें बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग की न्यायिक प्रक्रिया पर पूरा विश्वास है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आयोग के माध्यम से पीड़ित परिवार को न्याय अवश्य मिलेगा।