नीतीश कुमार के पद छोड़ने के बाद JDU को पहला झटका, उपचुनाव में RJD की जीत
- Post By Admin on May 14 2026
पटना: बिहार की राजनीति में एक बार फिर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने बड़ा सियासी संदेश देने में सफलता हासिल की है। भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव में आरजेडी प्रत्याशी सोनू कुमार राय ने जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) उम्मीदवार कन्हैया प्रसाद को पराजित कर जीत दर्ज की है। इस जीत को आरजेडी के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक बढ़त के रूप में देखा जा रहा है।
मंगलवार को हुए मतदान में रिकॉर्ड 97.96 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। गुरुवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आरा शहर स्थित राजकीय कन्या +2 उच्च विद्यालय में मतगणना संपन्न हुई, जहां आरजेडी प्रत्याशी सोनू राय ने निर्णायक बढ़त हासिल करते हुए जीत दर्ज की। इस उपचुनाव में जेडीयू ने पूर्व एमएलसी राधाचरण साह के बेटे कन्हैया प्रसाद को मैदान में उतारा था। राजनीतिक गलियारों में जेडीयू अपनी जीत को लेकर आश्वस्त मानी जा रही थी, लेकिन परिणाम ने पार्टी को बड़ा झटका दिया है। खास बात यह मानी जा रही है कि मुख्यमंत्री पद से नीतीश कुमार के हटने के बाद यह जेडीयू की पहली चुनावी हार है, जिसने राज्य की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। वहीं, बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने वाली आरजेडी के लिए यह जीत नई ऊर्जा लेकर आई है। तेजस्वी यादव के नेतृत्व में पार्टी इसे संगठनात्मक मजबूती और जनाधार की वापसी के संकेत के तौर पर देख रही है।
आरजेडी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जीत पर खुशी जताते हुए लिखा कि भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी सोनू कुमार राय की प्रबल जीत पर सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को बधाई एवं शुभकामनाएं। उल्लेखनीय है कि यह सीट तत्कालीन एमएलसी राधाचरण साह के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। राधाचरण साह संदेश विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए थे, जिसके बाद उन्हें एमएलसी पद छोड़ना पड़ा था।
विजयी प्रत्याशी सोनू कुमार राय पूर्व एमएलसी लाल दास राय के पुत्र हैं और आरजेडी के पूर्व विधायक विजेंद्र यादव के दामाद बताए जाते हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस जीत ने आगामी राजनीतिक समीकरणों को लेकर नई हलचल पैदा कर दी है।