मंडल कारा लखीसराय में सुविधाओं की समीक्षा, महिला वार्ड की समस्याओं के समाधान का निर्देश

  • Post By Admin on Jun 24 2026
मंडल कारा लखीसराय में सुविधाओं की समीक्षा, महिला वार्ड की समस्याओं के समाधान का निर्देश

लखीसराय : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) लखीसराय के सचिव श्री विधानंद सागर ने मंडल कारा लखीसराय का निरीक्षण किया। इस दौरान चीफ लीगल एंड डिफेंस काउंसिल श्री प्रजापति झा सहित कर्मी श्री संदानंद कुमार और श्री संजीव कुमार भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान जेल में बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं विधिक सहायता व्यवस्था का जायजा लिया गया। बंदियों को जानकारी दी गई कि जो आर्थिक रूप से अधिवक्ता रखने में सक्षम नहीं हैं, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और इसके लिए वे आवेदन कर सकते हैं। निरीक्षण टीम ने मंडल कारा में संचालित बहुउद्देशीय कक्ष, पाठशाला, अस्पताल एवं वार्डों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान बंदियों से उनकी समस्याओं के संबंध में पूछताछ की गई।

महिला वार्ड में महिला बंदियों ने साफ-सफाई की व्यवस्था और भोजन में सब्जी की गुणवत्ता को लेकर शिकायत दर्ज कराई। साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए कूलर एवं पंखों की व्यवस्था करने की मांग भी रखी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ने मंडल कारा अधीक्षक को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए संबंधित समस्याओं के समाधान एवं समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।